पिता की स्मृति में शिक्षिका ने 98 विद्यार्थियों को भेंट किए टाई-बेल्ट
परपोड़ी| शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानों में नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन ने अपने पिता स्व मोतीचंद संचेती के जन्मदिन पर उनकी स्मृति में माध्यमिक विभाग के 98 विद्यार्थियों को टाई एवं बेल्ट वितरित किए। स्व संचेती, बालोद जिले के डौंडीलोहारा के समाजसेवी थे, जिनका गत वर्ष निधन हो गया था। शिक्षिका प्रतीक जैन ने बताया कि पिता की स्मृति में विद्यार्थियों के हित में सहयोग का यह अभियान लगातार जारी है। इससे पहले भी वे विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, स्लेट, पहाड़ा, पानी की बोतल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करा चुकी हैं। समुदाय के सहयोग से जूते-मोजे और अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई है। उन्होंने केसर, देवपीका, निलेश, चंचल, जागृति एवं केसरी की 12वीं कक्षा तक की शिक्षा का दायित्व भी अपने स्तर पर लिया है। प्रभारी प्राचार्य द्वारिका राम वर्मा, प्राथमिक प्रधान पाठक उत्तम साहू, कनकलता सरसुधे, अवध राम वर्मा, दीनदयाल वर्मा, प्रज्ञा जैन, अमृतलाल गुप्ता उपस्थित रहे।




