स्कूटी में 22 किलो गांजा लादकर मध्यप्रदेश जा रहे तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद| कोमाखान पुलिस ने ओडिशा से गांजा लेकर मध्य प्रदेश जा रहे 2 अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 22 किलो से ज्यादा गांजा मिला। एक स्कूटी भी जब्त की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से बिना नंबर की जुपीटर स्कूटी पर सवार दो युवक अवैध गांजा लेकर छत्तीसगढ़ सीमा में घुस रहे हैं। सूचना मिलते ही ग्राम टेमरी जांच नाका पर पुलिस टीम ने चौकसी बढ़ाई। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी आती दिखी। पुलिस ने स्कूटी रोककर पूछताछ की। स्कूटी चला रहे युवक ने अपना नाम विशाल अहिरवार 18 साल, निवासी जिगना, मध्य प्रदेश बताया। पीछे बैठे युवक ने संदीप अहिरवार 18 साल, निवासी झांसी, उत्तर प्रदेश बताया। दोनों ने कबूल किया कि वे केसिंगा ओडिशा से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश में खपाने की योजना बना रहे थे। तलाशी में स्कूटी की सीट, डिक्की, थैले से कुल 22.160 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने 22.160 किलो गांजा कीमत 11,08,000 रुपए, परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी कीमत 1,15,000 रुपए, 2 मोबाइल कीमत 3,500 रुपए जब्त किए। कुल जब्ती 12.26 लाख की हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।




