Uncategorized

दंतेवाड़ा विधायक अटामी का NMDC अधिकारियों को दो टूक: ‘मेरी मर्जी के बिना पत्ता नहीं हिलेगा, कानून मत सिखाओ’

15 अगस्त विज्ञापन

दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने NMDC बचेली के अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। बचेली में रास्तों पर गेट निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच विधायक खुद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के समर्थन में अधिकारियों पर जमकर बरसे। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि “इस क्षेत्र का विधायक मैं हूं। मेरी इजाजत के बगैर यहां का एक पत्ता तक नहीं हिलेगा। “

विधायक अटामी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, “मेरा गुस्सा तुमने नहीं देखा है, मेरा गुस्सा तो महेंद्र कर्मा ने देखा था, जो आज इस दुनिया में नहीं हैं। मुझे कानून मत सिखाओ। ” उन्होंने NMDC अधिकारियों को फोर्स लगाकर स्थानीय लोगों को धमकाने की कोशिश न करने की हिदायत दी। विधायक ने सवाल उठाया कि क्या फोर्स का इस्तेमाल अधिकारियों के गलत फैसलों को लागू करवाने के लिए किया जा रहा है?

चैतराम अटामी ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि बिना जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए इस तरह का निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने NMDC प्रबंधन को निर्देश दिया कि आज ही मौके से गेट हटाया जाए। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो गेट हटाने के लिए पूरी जनता सड़क पर उतरेगी और विरोध प्रदर्शन करेगी।

विधायक अटामी ने इस मामले में अधिकारियों को सभी पक्षों को विश्वास में लेने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि एक बैठक बुलाई जाए, जिसमें स्थानीय लोगों की सहमति ली जाए और जनहित से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाए। इसके बाद ही आगे का कोई भी काम शुरू किया जाना चाहिए।

उन्होंने गेट निर्माण से होने वाली परेशानियों को भी उजागर किया। विधायक ने कहा कि गेट लगने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। किसी को अस्पताल जाना हो या दूसरे जरूरी काम से निकलना हो, तो उसे दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सवाल किया कि अगर गेट लगाने के बाद अधिकारियों की मर्जी से कभी भी रास्ता बंद कर दिया जाएगा, तो ऐसे निर्माण का क्या औचित्य है?

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने अधिकारियों से सवाल किए। उन्होंने कहा कि अगर रास्तों पर सुरक्षा की चिंता है तो हर चौक पर CCTV कैमरे लगवाए जाएं और पर्याप्त संख्या में गार्ड नियुक्त किए जाएं। उन्होंने स्थानीय लोगों को शक की नजर से देखने को गलत बताया। विधायक ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि बाजार में सब्जी खरीदने आने वाले ग्रामीणों से आधार कार्ड मांगा जा रहा है। उन्होंने पूछा कि क्या गांव का हर व्यक्ति बाजार में खरीदारी करने के लिए आधार कार्ड लेकर आएगा? उन्होंने अधिकारियों से स्थानीय लोगों की परेशानियों को समझने और उनके साथ संवाद स्थापित करने की बात कही।

विधायक चैतराम अटामी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि कानून और नियम सभी के लिए समान हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना बैठक, सहमति और जरूरी एनओसी (NOC) के निर्माण कार्य करना उचित नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा कि वे इस मामले में जहां तक बात करना चाहें, वे चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। विधायक ने अधिकारियों को अपना संदेश संबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचा देने को कहा।

दरअसल, यह पूरा मामला दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC द्वारा कुछ रास्तों पर गेट लगाए जाने से जुड़ा है। इस निर्माण को लेकर नगर पालिका और स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। नगर पालिका का कहना है कि NMDC बिना एनओसी और जरूरी प्रक्रिया पूरी किए ही गेट का निर्माण कर रहा है, जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। स्थानीय लोगों और नगर पालिका की मुख्य आपत्ति यह है कि NMDC ने इस संबंध में उनसे कोई जरूरी बातचीत नहीं की और न ही उनकी सहमति ली।

इसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से NMDC प्रबंधन, नगर पालिका और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक चैतराम अटामी खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समर्थन में NMDC अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान विधायक द्वारा अधिकारियों को दी गई उनकी तीखी चेतावनी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

15 अगस्त विज्ञापन
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 8

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!