
गौरीशंकर गुप्ता /जशपुर। नवपदस्थ डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह ने जशपुर जिले की कमान संभालते ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू कर दी है। सड़कों पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसरों का शोर अब इतिहास बनने की कगार पर है। SSP के सख्त निर्देशों के बाद जशपुर पुलिस ने तत्काल ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ मोड में आते हुए बड़े एक्शन की शुरुआत कर दी।
कोतवाली की सघन चेकिंग: 10 बड़े मामले पकड़े
रविवार शाम शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सिटी कोतवाली पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। ‘रफ्तार के सौदागरों’ और स्टंटबाजों पर शिकंजा कसते हुए 10 प्रमुख मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई। इन उल्लंघनकर्ताओं ने मौत को मात देने की जोखिम भरी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें सख्ती से लाइन पर ला खड़ा किया।
SSP का संकल्प: सड़कें सुरक्षित बनेंगी
डॉ. लाल उमेद सिंह ने पदभार ग्रहण करते ही स्पष्ट संदेश दिया कि यातायात नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले भर में अब ऐसी चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो। यह अभियान न केवल स्टंटबाजी रोकेगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी भी लाएगा।




