सर्वाधिक वर्षा वाले टॉप-10 जिलों में 8वें नंबर पर बालोद
भास्कर न्यूज | बालोद मानसून सीजन में सामान्य से 24% ज्यादा बारिश होने की वजह से बालोद जिले को मौसम विभाग ने एक्सेस जोन में शामिल किया है। जो शुभ संकेत है। एक्सेस जोन में जिन जिलों मंे सामान्य से 19 प्रतिशत से ज्यादा बारिश होती है, उन जिलों को शामिल किया जाता है। जिले में एक जून से लेकर 4 अगस्त तक 674 मिमी औसत बारिश हो चुकी है। जो सामान्य (541.8 मिमी) से 132.2 मिमी ज्यादा है। प्रदेशभर के सर्वाधिक बारिश वाले टॉप-10 जिलों में बालोद शामिल है। मंगलवार शाम 6 बजे तक की स्थिति में बालोद जिला 8वें नंबर पर था। जिसे शुभ संकेत माना जा रहा है। जून माह में सिर्फ 58.3 मिमी बारिश होने की वजह से बालोद टॉप-15 जिलों में भी शामिल नहीं हो पाया था। भले ही पिछले तीन दिन से उम्मीद अनुरुप बादल बरस नहीं रहे हैं बावजूद स्थिति अच्छी है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसूनी द्रोणिका व चक्रवात की वजह से जुलाई में बालोद जिले में अच्छी बारिश हुई है, इस वजह से सर्वाधिक बारिश वाले जिलों में 8वें नंबर पर है। हालांकि आगे स्थिति बदल सकती है क्योंकि रोजाना किसी जिले में कम तो किसी जिले में ज्यादा बारिश हो रही है। अब तक नारायणपुर जिले में 1000.1 मिमी, बीजापुर जिले में 733.7 मिमी, दंतेवाड़ा में 733.8 मिमी, गरियाबंद में 703.8 मिमी, जांजगीर में 764.9 मिमी, महासमुंद में 733.1 मिमी, सारंगढ़ में 816.6 मिमी बारिश हुई है। इन 7 जिलों में बालोद जिले से ज्यादा बारिश हो चुकी है।




