शिक्षिका की कार से भिड़ीं दो गाय, गेट व लाइट टूटी
कुकदूर| पंडरिया-कुकदूर-बजाग मार्ग पर बैठे आवारा मवेशी एक बार फिर हादसे का कारण बने। वनांचल क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुई में पदस्थ शिक्षिका उत्तरा वर्मा सोमवार को दो दिन के अवकाश के बाद अपने परिवार के साथ स्कूल लौट रही थीं। जैसे ही उनकी कार रहमानकापा फॉरेस्ट बैरियर के पास पहुंची, सड़क पर बैठी दो गायें आपस में लड़ते हुए अचानक वाहन से टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का ड्राइवर साइड का दरवाजा, बॉडी और हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि चालक ने सूझबूझ से वाहन नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रहमानकापा फॉरेस्ट बैरियर के आसपास सड़क पर मवेशियों का जमावड़ा रोजाना लगा रहता है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। शासन की ओर से ग्राम पंचायतों को सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने समस्या जल्द दूर करने की मांग की है।




