Raipur Crime News: पत्नी समेत चार लोगों को जहर देकर मारा, फिर खुद लगा ली फांसी, जानें इस वारदात की कहानी

Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीती रात को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बैटरी कारोबारी ने अपनी पत्नी समेत चार लोगों को जहर देकर मौत की नींद सुला दी। फिर खुद फांसी लगा ली। संजय नगर स्थित मदनी मस्जिद के पास एक घर में पांच लोगों की लाश संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है। मामला टिकरापारा थाने क्षेत्र का है। फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आत्महत्या की आशंका
चर्चा है कि एक ही परिवार के पांच लोगों ने सामूहिक रूप से जहर खाकर मौत को गले लगा लिया। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है। मकान में पांच लोगों की लाश मिलने की सूचना जैसे ही इलाके में आग की तरह फैली , मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर टिकरापारा थाना पुलिस पहुंची। पूरे घर को सील कर मामले की जांच कर रही है। हत्या और सामूहिक आत्महत्या सभी एंगल से पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। घटना की जांच करने के लिये फोरेंसिक एक्सपर्ट्स (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया।
मुंह से निकल रहा था झाग
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों के मुंह से झाग निकलना मिला है। कमरे में खाद्य सामग्री और एक कीटनाशक का डब्बा भी मिला है। देर रात पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाये फिर मकान को सील कर दिया। कारोबारी साजिद पुरानी बैटरी की खरीदी-बिक्री का काम करता था। वहीं उसका बेटा एक निजी अस्पताल में नौकरी करता था।
कमरे के अंदर से आ रही थी बदबू
पड़ोसियों ने गुरुवार की शाम को जब घर के किसी सदस्य को नहीं देखा, तो उन्हें शक हुआ। शुक्रवार को भी पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहा। गेट पर आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला। कमरे के अंदर से सड़ने की बद्बू आ रही थी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस पहुंची, तो घर का दरवाजा खोला फिर कमरे के अंदर पांच लोगों की लाश देखर सन्न रह गई। साजिद का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी, बेटा और दोनों बच्चियों के शव जमीन पर पड़े हुए थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था। इस आधार पर यह माना जा रहा है कि कारोबारी मुखिया ने ही चारों को जहर देकर मारा, फिर खुद फंदे पर लटककर फांसी लगा ली। फिलहाल, इस मामले में पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
बिहार का रहने वाला था परिवार
पुलिस के अनुसार, साजिद मूलरूप से बिहार का रहने वाला था। उसका भाई जाहिर अली रायपुर के कुकरीपाड़ा में रहता है। उसी ने शवों की पहचान की। पुलिस मकान मालिक सैयद अमीर अली से भी पूछताछ कर रही है। जाहिर रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर के सचिव रह चुके हैं।

मृतकों के नाम
- साजिद अली, 50 वर्ष (पति)
- राबिया (पत्नी)
- इरशाद अली, 19 वर्ष (बेटा)
- शाहिदा बेगम, 17 वर्ष (बेटी)
- इरशाबा परवीन, 16 वर्ष (बेटी)

कर्ज के चलते होता था विवाद
साजिद अली मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार पर कुछ लोन था, जिसकी वसूली के लिए रिकवरी कर्मचारी अक्सर घर पर आया करते थे। ऐसे में आर्थिक तंगी के कारण पति-पत्नी में अक्सर विवाद होते रहता था।

किराये के मकान में रहता था परिवार
मामले में टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि घटना संजय नगर के मदनी चौक की है। सभी लोग एक ही परिवार के हैं। वे यहां पर किराए के मकान में रह रहे थे। परिवार ने मौत को गले क्यों लगाया? इसकी भी जांच की जा रही है। एफएसएल टीम मौके पर जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों की विवेचना की जा रही है।




