राष्ट्रीय महासचिव स्मृति रंजन लेंका करेंगे प्रत्याशियों से सीधी चर्चा:यूथ कांग्रेस चुनाव में 2 खेमों की परीक्षा रक्षाबंधन के बाद शुरू होगी सदस्यता

छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के संगठन चुनाव में अब दावेदारों की जमीनी ताकत की परीक्षा होगी। रक्षाबंधन के आसपास 26 से 30 अगस्त के बीच सदस्यता अभियान शुरू होने की संभावना है। हालांकि, अभी तारीख तय नहीं हुई है। चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 17 उम्मीदवार मैदान में हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मुख्य मुकाबला दो धड़ों के बीच माना जा रहा है। एक धड़े को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का समर्थन बताया जा रहा है, जबकि दूसरे धड़े में विधायक देवेंद्र यादव और वर्तमान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा समर्थित उम्मीदवार के मैदान में होने की चर्चा है। चुनाव के सिलसिले में रायपुर पहुंचे यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. स्मृति रंजन लेंका ने सोमवार को राजीव भवन में प्रत्याशियों के साथ बैठक की। इसमें चुनाव प्रक्रिया, शिकायतों और दावा-आपत्तियों पर चर्चा हुई। बताया गया कि दावा-आपत्तियों को लेकर राष्ट्रीय महासचिव खुद प्रत्याशियों से चर्चा करेंगे। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के बीच केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। 16 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य, उम्मीदवारों की होगी परीक्षा यूथ कांग्रेस चुनाव में करीब 16 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य बताया गया है। प्रत्येक सदस्य के लिए 75 रुपए शुल्क निर्धारित है, जिसका खर्च उम्मीदवारों को स्वयं उठाना होगा। सदस्यता अभियान शुरू होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के संगठनात्मक नेटवर्क और सदस्य जोड़ने की क्षमता की वास्तविक परीक्षा होगी। यही अभियान अलग-अलग दावेदारों की जमीनी पकड़ का भी पैमाना बनेगा। नियम बदला, कार्यकर्ताओं में असंतोष चुनाव प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रक्रिया शुरू होने के बाद अलग-अलग चरणों में नियम और चयन प्रक्रिया में बदलाव किए गए। सबसे ज्यादा असर एक विधानसभा वाले जिलों में बताया जा रहा है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक शुरुआत में कहा गया था कि ऐसे जिलों में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव नहीं होगा। इसी तरह एक ब्लॉक वाले विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्ष का चुनाव नहीं कराने की जानकारी दी गई थी। इसी आधार पर कई कार्यकर्ताओं ने नामांकन नहीं किया। अब चुनाव कराने की स्थिति बनने से असमंजस पैदा हुआ है। आईवाईसी ऐप की रिपोर्ट पर भी सवाल कार्यकर्ताओं ने इंडियन यूथ कांग्रेस (आईवाईसी) ऐप पर दर्ज संगठनात्मक गतिविधियों और प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों की कैटेगरी तय करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। हाई परफॉर्मर, मैपिंग और अन्य मानदंडों में बाद में बदलाव किए जाने का दावा किया गया है। कुछ पदों पर पहले इंटरव्यू से चयन की बात कही गई थी, बाद में ओपन चुनाव की चर्चा शुरू हुई। पात्रता और आपराधिक मामलों में नियमों के समान अनुपालन को लेकर भी सवाल उठे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आपत्तियां देने के बावजूद उन्हें अब तक स्पष्ट लिखित जवाब नहीं मिला है। प्रदेश अध्यक्ष पद के 17 उम्मीदवार: सत्येंद्र चेलक, शैलेंद्र बंजारे, विनोद कश्यप, भावेंद्र गंगोत्री, दीक्षा पांडे, जसमीत शर्मा, कपिल कांत नाग, मानव देशमुख, मृदुला भास्कर, परमीत बग्गा, प्रशांत बोकड़े, प्रीतिका विश्वकर्मा, प्रीति वैष्णव, सागर बाघमारे, सजल चंद्राकर, शालिनी रामटेके और सोनिका पोर्ते।




