कोरबा में BJP नेता समेत 3 पर पॉक्सो-एक्ट में FIR:दशहरा मेले में नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप,एसपी से शिकायत के बाद कार्रवाई — ताजा अपडेट

कोरबा में BJP नेता अनिल चौरसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में FIR दर्ज की गई है। मामला पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में दर्ज हुआ है। आरोप है कि 20 अक्टूबर को दशहरा के दिन रजगामार में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान भीड़ के बीच आरोपियों ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की और उसका दुपट्टा खींचा। रजगामार थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अनिल चौरसिया भाजपा विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार पीड़िता पिता के निधन के बाद अपने चाचा के यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। दशहरा के दिन रावण मैदान में सार्वजनिक कार्यक्रम चल रहा था, उसी दौरान पीड़िता वहां मौजूद थी। दशहरा के दिन रजगामार के रावण मैदान में कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान नाबालिग भी वहां मौजूद थी। आरोप है कि कौशल चौरसिया और उसके भाई अनिल चौरसिया ने नाबालिग पर अश्लील टिप्पणी की। छात्रा ने इसकी जानकारी अपने चचेरे भाई को दी। इसके बाद वह अपने भाई के साथ दोनों आरोपियों से बात करने पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद कौशल चौरसिया, अनिल चौरसिया और दिनेश चौहान ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के दौरान नाबालिग के साथ भी अश्लील हरकत करने और उसका दुपट्टा खींचने का आरोप है। घटना के बाद डरी हुई पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। पहले पुलिस चौकी और थाने पहुंचा परिवार परिजन उसी रात शिकायत दर्ज कराने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्हें यह कहकर बालको थाना भेज दिया गया कि मामला उस थाना क्षेत्र का है। इसके बाद परिजन बालको थाने पहुंचे, लेकिन वहां थाना प्रभारी के आने के बाद मामले को देखने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया गया। इसके बाद परिजनों ने कोरबा एसपी से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर मामले में कार्रवाई की गई। पुलिस ने अनिल चौरसिया, कौशल चौरसिया और दिनेश चौहान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत छेड़छाड़, लज्जा भंग और मारपीट से जुड़ी धाराओं में अपराध दर्ज किया है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि नाबालिग की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।




