खाकी के घर पर ही चोरों का धावा, कोरबा में रिटायर्ड ASI के सूने मकान से 10 लाख के जेवरात पार

CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ते जा रहा है। सूना मकान देखते ही बेखौफ होकर चोरी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। चोरों न …और पढ़ें
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ते जा रहा है। सूना मकान देखते ही बेखौफ होकर चोरी करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। चोरों ने अब सेवानिवृत उपनिरीक्षक (एएसआई) के घर का ताला तोड़ कर 10 लाख के जेवरात को पार कर दिया। एएसआइ ने उक्त जेवरात अपनी पुत्री की शादी के लिए बनाए थे। घटना सिविल लाइन थाना रामपुर अंतर्गत सीएसईबी कालोनी परिसर की है।
यहां 31 दिसंबर को सेवानिवृत एएसआई गलेटबिन कुमार परिवार के साथ निवासरत हैं। बताया जा रहा है कि रिश्तेदार में किसी का निधन होने की वजह से परिवार समेत गलेटबिन बाहर गए थे और घर पर ताला लगा कर चाबी पड़ोस में दिए थे। वापस लौटे, तब उन्हें सामने का दरवाजा का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ मिला और आलमारी में रखे जेवरात गायब मिले।
घटना की सूचना उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की, साथ ही डॉग स्क्वायड टीम एवं फारेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया गया। हालांकि पुलिस को अभी सुराग नहीं मिल सका। पुलिस कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से आरोपितों की पतासाजी कर रही है। सेवानिवृत एएसआई का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने मकान में ताला लगा कर चाबी पड़ोसी एवं एक अन्य रिश्तेदार को सौंप कर गए थे।
बावजूद चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी के लिए जेवरात बनाए थे और आलमारी में रखे, जिसे चोरों ने पार कर दिया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भय एवं आक्रोश बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- चरित्र शंका में पत्नी को उतारा मौत के घाट, टांगी से वार कर ली थी जान, कोर्ट ने पति को सुनाई उम्रकैद की सजा
एक सप्ताह पहले ही लोहे का पुल ही काट कर ले गए चोर
क्षेत्र में चोरी की घटनाएं कम नहीं हो रही है। लगातार चोरी होने से लोगों में डर बढ़ते जा रहा है। एक सप्ताह पहले ही रशियन हास्टल पहुंच मार्ग में स्थित नहर के ऊपर बने लोहे के 15 टन वजनी पुल को काट कर चोरों ने एक ही रात में पार कर दिया।
इस घटना से पुलिस की किरकिरी हुई थी, पुलिस ने मामले में पांच चोर को पकड़ने में सफलता हासिल की है। जबकि मास्टर माइंड समेत 10 फरार हैं। इसके पहले बलगी के समीप रेलवे पांत को अज्ञात चोर काट कर ले जा चुके हैं। इस मामले में अभी तक आरोपित नहीं पकड़े जा सके है।




