
जशपुर : जशपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन को लेकर प्रशासन की सख्ती के बीच बड़ा मामला सामने आया है। ईब नदी से रेत चोरी के प्रकरण में जिले का बड़ा ठेकेदार अभय कंस्ट्रक्शन अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया है।
कलेक्टर रोहित व्यास के स्पष्ट निर्देश पर खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 960 घनमीटर अवैध रेत जप्त की है। सोमवार की शाम पांच बजे जशपुर जनसंपर्क अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार सहायक खनिज अधिकारी ने बताया कि ईब नदी क्षेत्र में रेत चोरी की शिकायत मिलने पर 09 फरवरी को जांच की गई। जांच के दौरान ईब नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर अभय कंस्ट्रक्शन, जशपुर परिसर में भंडारित की गई भारी मात्रा में रेत पाई गई, जिसे तत्काल जप्त किया गया। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे संबंधित व्यक्ति या संस्था कितनी ही प्रभावशाली क्यों न हो। साथ ही वैध रेत की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए फरसाबहार क्षेत्र में दाईजबहार और खारीबहार रेत खदानों के ऑनलाइन आबंटन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।
खनिज विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या रेत चोरी की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।




