छत्तीसगढ़ के कोतबा में सांप का आतंक… शिक्षक और महिला की डसने से मौत

Snake Attack: छत्तीसगढ़ के कोतबा में सांप का आतंक देखने को मिला है, जहां महिला और एक शिक्षक की सांप के डसने की वजह से मौत हो गई। टीचर को सांप ने बाथरुम में काटा, वहीं महिला को रात में सोने समय सांप ने डस लिया। इलाज के दौरान महिला की हालत खराब हो रही थी, जहां रायगढ़ ले जाने के दौरान उसकी एम्बुलेंस में ही मौत हो गई।
By Mohan Kumar
Publish Date: Sun, 20 Jul 2025 09:03:29 PM (IST)
Updated Date: Sun, 20 Jul 2025 09:03:29 PM (IST)
नईदुनिया न्यूज, कोतबाः कामन करैत सांप के डसने से कोतबा में एक शिक्षक व ग्राम बुलडेगा में एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नगर के हाईस्कूल परिसर में स्थित शिक्षक कालोनी में रहने वाले निजी स्कूल के शिक्षक अनुपम (38) पिता सिमोन खलखो अपनी पत्नी संगीता खलखो लिपिक शासकीय कन्या शाला कोतबा के साथ रहा करते थे।
बाथरूम का गेट खोलते ही सांप ने डसा
रविवार की सुबह 7 बजे अपने बाथरूम में नहाने गए थे। जहां गेट खोलते ही कामन करैत ने उसे डस लिया। जिसे उसकी पत्नी संगीता ने कोतबा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया जहां एंटीस्नैक वैनम सहित अन्य दवाओं के साथ प्राथमिक उपचार कर हालात असामान्य प्रतीत होने पर बेहतर उपचार के लिए पत्थलगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान शिक्षक की मौत हो गई।
सांप के डसने से महिला की मौत
कोतबा के डाक्टर अजीत कुमार बन्दे ने बताया कि प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें वेंटिलेटर के साथ उच्च स्तरीय इलाज की आवश्यकता थी उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, लिहाजा हमने 108 एम्बुलेंस में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेफर किया था। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बुलडेगा के डोमपारा में शनिवार की रात 12 बजे घर पर जमीन में सो रही महिला पूनम (45) पति गोवर्धन डोम को शरीर में ठंडा चीज पैर में रेंगने महसूस हुआ। उठ कर देखे तो हड़बड़ाने में सांप ने उसे डस लिया।
एम्बुलेंस में ही पीड़िता की मौत
स्वजनों ने महिला को उपचार के लिए लैलूंगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। यहां उपचार के बाद पीड़िता की गंभीर होती स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने रायगढ़ के लिए रेफर कर दिया। रायगढ़ ले जाने के दौरान रास्ते मे झगरपुर के समीप एम्बुलेंस में ही पीड़िता की मौत हो गई। जिसे वापस लैलूंगा ला कर शव का पोस्टमार्टम कर पंचनामा बना कर लैलूंगा पुलिस ने परिजनों को शव सुपुर्द कर दिया जिसे, बुलडेगा ग्राम लाकर दाह संस्कार किया गया।




