राजनांदगांव से बालोद जा रही बस में लगी भीषण आग, 15 से अधिक यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

राजनांदगांव से बालोद आ रही सुपर आनंद ट्रेवल्स की एक यात्री बस सोमवार रात मालीघोरी के पास अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस में आग लगने के बाद अंदर रखे एक लाख रुपये से अधिक के पटाखे धमाकों के साथ फूटने लगे। इस दौरान बस में सवार 15 से अधिक यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ, हालांकि उनका सारा सामान जलकर खाक हो गया।
यह घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है, जब सुपर आनंद ट्रेवल्स की 50 सीटर बस (CG 08 4455) राजनांदगांव से बालोद की ओर जा रही थी। ग्राम मालीघोरी में नवोदय विद्यालय और कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचते ही बस के ड्राइवर के पास से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोककर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग पूरी बस में तेजी से फैल गई। परिचालक ने यात्रियों को आवाज लगाकर तुरंत नीचे उतरने के लिए कहा, जिसके बाद सभी यात्री जल्दबाजी में बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की भयावहता का एक बड़ा कारण बस में रखे पटाखे थे। जानकारी के अनुसार, बस की डिक्की और यात्रियों की सीटों के बीच बड़े-बड़े कार्टून में एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत के पटाखे रखे हुए थे। आग लगते ही ये पटाखे धमाकों के साथ फूटने लगे। स्काई शॉट, अनार और रॉकेट जैसे पटाखे जलते हुए बस से बाहर निकलने लगे, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। पटाखों के धमाकों की आवाज करीब आधे घंटे तक लगातार आती रही।
आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को अपना सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। जान बचाने की हड़बड़ी में सभी यात्री बस से कूदकर बाहर निकले। उनके बैग, कपड़े और अन्य सभी व्यक्तिगत सामान बस के अंदर ही जलकर राख हो गए। यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा, क्योंकि उनका सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग बुझाने के बाद मौके पर केवल बस का कंकाल ही बचा था।
बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यात्रियों का सामान जल गया है और नुकसान का पूरा आकलन जांच के बाद किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस घटना ने बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने आरोप लगाया है कि कई बसों की हालत ठीक नहीं होती, फिर भी उनका संचालन किया जाता है। इसके अलावा, यात्रियों के साथ बस में पटाखे जैसी ज्वलनशील सामग्री ले जाने का मामला भी सामने आया है, जो सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है। ऐसे में बसों की फिटनेस और सुरक्षा जांच के साथ-साथ ज्वलनशील सामान ले जाने पर भी सख्त कार्रवाई और निगरानी की आवश्यकता महसूस की जा रही है।




