बारिश से फैला कीचड़, गड्ढों में भरा पानी, समस्या का स्थायी समाधान नहीं
ग्राम पंचायत भेड़ागढ़ के आवासपारा मोहल्ले में सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मोहल्ले में कुछ दूरी तक सीसी रोड का निर्माण हुआ है, लेकिन इसके आगे सड़क की स्थिति खराब है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत या निर्माण कार्य नहीं होने के कारण बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ गई है। आवासपारा की इस सड़क से रोजाना स्कूली बच्चे, बाइक सवार, वाहन चालक और पैदल आने-जाने वाले लोग गुजरते हैं। सड़क पर जगह-जगह खराब स्थिति होने के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान कीचड़ और पानी भरने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी राजेश पन्द्रों ने सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि इस वर्ष सड़क को ठीक नहीं किया गया तो अगले वर्ष इसी सड़क पर धान का बीज बो देंगे। सड़क की बदहाली से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपए स्वीकृत आवासपारा में सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना वर्ष 2026-27 अंतर्गत निर्माण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। सरपंच प्रतिनिधि अवधेश पात्रे ने बताया कि सीसी रोड निर्माण के लिए फाइल तैयार कर कार्यालय में जमा कर दी गई है। आगे की प्रक्रिया को लेकर कोई सूचना नहीं मिली है।




