Uncategorized

अंबिकापुर: गैस एजेंसी के गोदाम में अनियमितता, जांच के बाद सील

15 अगस्त विज्ञापन

सरगुजा जिले के उदयपुर स्थित सूरज भारत गैस एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया गया है। पिछले दिनों उपभोक्ताओं द्वारा कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर घरेलू गैस सिलिंडर वितरण में अनियमितता, दुर्व्यवहार तथा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया गया था। कलेक्टर को मिली शिकायतों के बाद बुधवार को जांच टीम ने उदयपुर स्थित सूरज भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर छापा मारा। जांच में अनियमितता सामने आने पर टीम ने गोदाम को सील कर दिया।

जांच के दौरान संचालक द्वारा टीम को गुमराह करने के लिए 214 खाली सिलिंडरों के बीच 42 भरे हुए सिलिंडर छिपाकर रखे गए थे। इन सभी 42 भरे सिलिंडरों के सील टूटे हुए पाए गए। वजन कराने पर 11 सिलिंडरों में पांच से 10 किलोग्राम तक गैस कम मिली।

जांच टीम को स्टॉक में भी अंतर मिला। इसके अलावा भारत गैस के गोदाम में इंडेन कंपनी के 32 खाली सिलिंडर भी रखे हुए पाए गए। दूसरी कंपनी के सिलिंडर गोदाम में क्यों रखे गए थे, यह भी जांच का विषय है। मौके से सिलिंडरों के ढक्कन, रैपर सहित अन्य सामग्री साक्ष्य के तौर पर जब्त की गई है। जांच के दौरान उपभोक्ताओं ने एजेंसी के खिलाफ गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार एजेंसी संचालक द्वारा ग्राहकों के साथ गाली-गलौज, दुर्व्यवहार, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। कुछ मामलों में थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस टंकी के नंबर का मिलान नहीं होने पर दोबारा रिफिलिंग से इनकार किया जाता था और अवैध राशि की मांग की जाती थी। सिलिंडरों को दो हजार से तीन हजार रुपये में ब्लैक में बेचने के आरोप भी लगे हैं।

इसके अलावा केवाईसी के नाम पर ओटीपी लेकर गैस नहीं देना, घर पहुंच सेवा नहीं देना और रिफिल के समय अतिरिक्त राशि वसूलने की भी शिकायतें सामने आई हैं।

झिरमिटी ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, गैस उपभोक्ताओं और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर गोदाम को सील किया गया। बाद में ग्राम पंचायत भवन उदयपुर में उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए गए।

संचालक द्वारा अन्य स्थानों पर भी सिलेंडर रखे जाने की सूचना पर टीम को उन स्थानों की जांच के लिए रवाना किया गया है। फिलहाल जांच जारी है। जब्त सामग्री, स्टॉक मिलान, सिलिंडरों के वजन और उपभोक्ताओं के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच टीम में सहायक खाद्य अधिकारी चित्रकांत ध्रुव, खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह, राजन कश्यप, नवीन सिंह, अनिमा भगत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। जांच के दौरान गौतम सोनी, पंकज अग्रहरि, योगेश साहू, राहुल अग्रहरि, चंदन एक्का, प्रदीप मरकाम सहित बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

15 अगस्त विज्ञापन
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 8

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!