102 गांव के सरपंचों ने जनपद घेरा: महिला सरपंचों से दुर्व्यवहार का आरोप, सचिवों को हटाने की मांग – Dhamtari News

धमतरी जिले के नगरी वनांचल क्षेत्र में 102 गांवों के सरपंचों ने तीन पंचायत सचिवों के व्यवहार से नाराज़ होकर जनपद पंचायत नगरी का घेराव किया। सरपंचों ने सचिवों पर महिला सरपंचों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम किया जाएगा। सरपंचों ने सिहावा रोड के सर्व आदिवासी समाज भवन नगरी से ‘सरपंच एकता जिंदाबाद’ और ‘सरपंचों के खिलाफ अभद्र व्यवहार नहीं सहेंगे’ जैसे नारे लगाते हुए बाइक रैली निकाली। वे जनपद पंचायत कार्यालय नगरी पहुंचे, जहां सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बल ने उन्हें मुख्य गेट पर रोक दिया। इसके बाद आक्रोशित सरपंच दोषी सचिवों पर कार्रवाई की मांग करते हुए जनपद कार्यालय के मुख्य गेट पर ही धरने पर बैठ गए। अल्टीमेटम के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं सरपंचों ने ग्राम पंचायत सेमरा, आमगांव और भीतररास में पदस्थ सचिवों पर महिला सरपंचों के साथ अभद्र व्यवहार, मनमानी, सरपंचों की बात न सुनने और समय पर दफ्तर न पहुंचने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य ब्लॉक से आए सचिव आदिवासी सरपंचों के साथ मनमानी करते हैं। इसके लिए पहले भी विरोध और शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन एक सप्ताह के अल्टीमेटम के बाद भी ऐसे सचिवों का ट्रांसफर नहीं किया गया। उग्र आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी इस दौरान सरपंच संघ ने नायब तहसीलदार को कलेक्टर और जिला पंचायत के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद सरपंचों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दो दिनों के भीतर मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे।
Source link




