सूरजपुर के सरकारी स्कूल में शर्मनाक वाकया, बच्चों से कराई जा रही पुताई और निर्माण कार्य, प्रिंसिपल पर लगे गंभीर आरोप

छ्त्तीसगढ़ के सूरजपुर में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत फ्री शिक्षा पाने वाले बच्चों से स्कूल परिसर में निर्माण कार्य और पुताई कराए जाने का मामला सा …और पढ़ें
HighLights
- स्कूल में पढ़ाने की बजाय बच्चों से कराई जा रही मजदूरी
- आरटीई के तहत दाखिल विद्यार्थियों से कराई कमरे की पोताई
- सफाई सहित अन्य कार्य लिए गए, शिकायत पर जांच टीम गठित
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निश्शुल्क शिक्षा पाने वाले बच्चों से स्कूल परिसर में निर्माण कार्य और पुताई कराए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामला डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, तिलसिवा से जुड़ा है, जहां की प्राचार्य विधु शर्मा पर अभिभावकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिभावकों ने कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार आरटीई के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों से विद्यालय परिसर में सीमेंट, रेत आदि से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इतना ही नहीं, बच्चों से कक्षाओं की पुताई भी करवाई जाने का आरोप है। पालकों का कहना है कि जो छात्र काम करने से मना करते हैं, उन्हें टी.सी. (स्थानांतरण प्रमाणपत्र) काटने की धमकी दी जाती है। इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी होने का दावा किया गया है।
अभिभावकों ने बताया कि जब बच्चे घर आकर मजदूरी कराए जाने की बात बताने लगे, तब वे सामूहिक रूप से स्कूल पहुंचे। आरोप है कि प्राचार्य ने उनसे अभद्र व्यवहार किया जिससे अभिभावकों में आक्रोश है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि प्राचार्य ने विद्यालय की एक कक्षा को अपने पति के साथ निवास में परिवर्तित कर लिया है। इन आरोपों के साक्षी के रूप में कुछ शिक्षकों एवं कर्मचारियों का हवाला दिया गया है।
यह भी पढ़ें- नर्सरी में प्रेमिका के साथ पकड़ा गया वनरक्षक, घरवालों ने पहले पीटा फिर नचवाया
डीईओ ने जांच के लिए गठित की टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सूरजपुर ने जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा को जांच के निर्देश दिए। इस पर डीईओ ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर सात दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। टीम में सहायक संचालक योजना लता बेक को अध्यक्ष, बीईओ सूरजपुर हरेंद्र सिंह तथा सेजेस जयनगर की प्राचार्य पुष्पा राय को सदस्य बनाया गया है। अब पूरे मामले की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
आरोप पूरी तरह निराधार है। मेरे विरुद्ध द्वेषवश शिकायत की गई है। जांच में वस्तुस्थिति स्पष्ट हो जाएगी। मुझे बदनाम करने की साजिश रची गई है- विधु शर्मा, प्राचार्य डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल।
शिकायत संज्ञान में आई है। हमने शिकायत की जांच के लिए कलेक्टर के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर सात दिवस में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी- अजय मिश्रा, जिला शिक्षाधिकारी।




