रायपुर में हिंदू महिला से मारपीट के विरोध में बस्ती में सुअर लेकर पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता, काठाडीह BSUP कॉलोनी में तनाव

राजधानी के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में हिंदू महिला से मारपीट के विरोध में बुधवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कि …और पढ़ें
HighLights
- रील बनाने से टोकने पर हिंदू महिला और पड़ोसी में मारपीट
- सूअर लेकर बस्ती पहुंचे कार्यकर्ता, की सख्त कार्रवाई की मांग
- मुजगहन थाना पुलिस ने संभाला मोर्चा, तीन पर केस दर्ज
नईदुनया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में हिंदू महिला से मारपीट के विरोध में बुधवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बस्ती में सूअर लेकर पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद मुजगहन थाना पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

दरअसल, पूरा विवाद तुलसी के गमले के पास रील बनाने को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस के अनुसार, काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी के ब्लॉक नंबर-18 निवासी परमिला सेन ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके घर की बालकनी में पूजा-पाठ के लिए तुलसी का गमला रखा हुआ है, जिसकी प्रतिदिन पूजा की जाती है। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे पड़ोस में रहने वाली फिरदोस बेगम के बच्चे तुलसी के गमले के पास रील बना रहे थे। आरोप है कि बच्चे गमले को पकड़कर हिला भी रहे थे।
बच्चों को टोकने पर भड़का पड़ोसी परिवार, बीच-बचाव करने आई महिला को भी पीटा
परमिला सेन ने बच्चों को ऐसा करने से मना किया और समझाइश दी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। शिकायत के मुताबिक, बच्चों को टोकने की जानकारी मिलते ही पड़ोस में रहने वाली फिरदोस बेगम और उसकी बहन सल्तनत बेगम घर से बाहर निकल आईं। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
.jpeg)
परमिला का आरोप है कि सल्तनत बेगम हाथ में डंडा लेकर पहुंची और उन पर हमला कर दिया। वहीं फिरदोस बेगम और उसके पति मेहताब खान ने भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर पड़ोस में रहने वाली पिंकी जॉर्ज बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन उन्हें भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि सल्तनत बेगम ने डंडे से पिंकी के सिर और नाक पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, इलाके में बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद घायल महिलाओं ने मुजगहन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सल्तनत बेगम, फिरदोस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए। संगठन के कार्यकर्ताओं ने हिंदू महिला के साथ मारपीट और तुलसी के पौधे के अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में मंत्रालय में चपरासी की नौकरी का झांसा देकर 4.50 लाख की ठगी, आरोपी पर एफआईआर दर्ज
कार्यकर्ता सूअर लेकर बस्ती पहुंचे और आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही। मुजगहन थाना पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।




