रासेयो स्व-अनुशासन क्षमता विकसित करने की पाठशाला – Kanker News

.
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमकसा व आमाकड़ा का सात दिवसीय रासेयो शिविर ग्राम बरहेली में जारी है। बौद्धिक सत्र के दौरान युवा समाजसेवी ललित नरेटी ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा रासेयो युवाओं में स्व-अनुशासन, जिम्मेदारी और संगठनात्मक क्षमता विकसित करने की महत्वपूर्ण पाठशाला है।
इस मंच से युवक-युवतियां यह सीखते हैं कि समन्वय और सामूहिक प्रयासों से किसी भी समस्या का समाधान सरलता से किया जा सकता है। उन्होंने कहा शिक्षा ही मानव जीवन का वास्तविक प्रकाश है, जो हम सभी को राष्ट्र निर्माण के लिए सक्षम बनाती है। शिक्षा और स्व-अनुशासन से ही राष्ट्र मजबूत होगा और हम विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ सकेंगे। नशामुक्त भारत के लिए युवाओं को प्रेरित करते कहा नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को नष्ट कर देता है। नशे की वजह से परिवार टूटते हैं और राष्ट्र की प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है। उन्होंने युवाओं से कहा हम युवा भविष्य की उम्मीद हैं, इसलिए हमें हर प्रकार के नशे से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी अजय रावटे, पीआर करपाल, वरिष्ठ व्याख्याता एनआर मंडावी, नरेशा मंडावी, संगीता छेदैया, सीमा चौधरी, राजेश्वरी भंडारी, खुशबू ध्रुव, भारती नाग, मनोज दरियो, सुरेश ठाकुर, नरेश गावड़े, मनीषा हिड़को आदि उपस्थित थे।




