
(गौरी शंकर गुप्ता) घरघोड़ा। डॉ. भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय, घरघोड़ा में SIR (Special Intensive Revision/विशेष गहन पुनरीक्षण) एवं नशामुक्ति विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य SIR के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए विद्यार्थियों एवं युवाओं को प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय की शासी निकाय समिति के अध्यक्ष श्री अरुण कुमार पंडा तथा माई भारत के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री रमन पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश तिर्की ने की।
मुख्य अतिथि श्री राधेश्याम राठिया ने अपने उद्बोधन में सामाजिक जागरूकता, जनभागीदारी तथा युवाओं की सकारात्मक भूमिका के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि रमन पटेल ने युवाओं की सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की आवश्यकता पर अपने विचार रखे साथ ही माई भारत को उसके लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म बताया। वहीं, शासी निकाय समिति के अध्यक्ष श्री अरुण कुमार पंडा ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश तिर्की ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों और जागरूक नागरिकता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
कार्यक्रम का संचालन श्री एस. एल. साहू द्वारा किया गया। उन्होंने SIR जैसे विषयों पर सही जानकारी प्राप्त करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में संसद श्री राधेश्याम राठिया द्वारा खेल में उत्कृष्ट विद्यार्थियों का पुष्पहार के साथ सम्मान किया साथ ही सभी छात्रों ने संसद महोदय एवं अन्य अतिथियों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
अंत में श्री अरुण कुमार पंडा ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला ने जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्ति के संदेश को प्रमुखता से सामने रखा। कार्यक्रम में माय भारत के सदस्य शशिभूषण ठाकुर,पवन राठिया, नवीन सिदार,सुशांत पटनायक और यूथ आइकन के रूप में बिंदिया गुप्ता उपस्थित रहे तथा महाविद्यालयीन स्टाफ से अजय मिश्रा, रामप्यारे सूर्यवंशी, दीपक ठाकुर, मोहित सिदार, दुर्गेश स्वर्णकार, चंद्रकांती साव, भारती साहू, मोनिका लकड़ा, पद्मिनी भोय, तारा, रजनी, वंदना, अंजु, नैना, ऋचा, प्रियंका की उपस्थिति रही।




