Objectionable Video: आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ के डॉक्टर ने लगाई फांसी… अब युवती से पूछताछ में जुटी पुलिस

Objectionable Video: घटनाक्रम छत्तीसगढ़ के भिलाई का है। यहां के आयुर्वेदिक डॉक्टर बीके राठौर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका एक कथित वीडियो वायरल हुआ था। हालांकि पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली थी। सुसाइड के बाद अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
By Arvind Dubey
Publish Date: Mon, 19 May 2025 10:15:31 AM (IST)
Updated Date: Mon, 19 May 2025 10:15:31 AM (IST)
HighLights
- कथित आपत्तिजनक वीडियो के बाद से मानसिक रूप से परेशान थे
- पीड़ित युवती ने डॉक्टर की करतूत की पूरी पोल खोल सामने रखी
- पीड़िता से पूछताछ के लिए महिला पुलिसकर्मियों की टीम भेजी गई
नईदुनिया न्यूज, भिलाई (Objectionable Video): आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होने के बाद भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के टाटा लाइन में आयुर्वेदिक डॉक्टर बीके राठौर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह कांकेर जिले के चारामा ब्लाक के ग्राम पुरी में पदस्थ था।
वीडियो प्रसारित होने के बाद पीड़ित युवती ने डॉक्टर के करतूत की पूरी पोल खोलकर रख दी है। हालांकि, चारामा पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के संज्ञान में आते ही उन्होंने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
सच्चाई जानने और पीड़िता से पूछताछ के लिए गांव में महिला पुलिसकर्मियों की एक टीम भेजी गई है। कथित आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद से आयुर्वेदिक डॉक्टर मानसिक रूप से परेशान थे। वह दो दिन पहले ही भिलाई लौटे थे। बीती रात उन्होंने घर की खिड़की में फांसी लगा ली।

नाबालिग का अश्लील वीडियो किया वायरल, आरोपी भेजा गया जेल
एक अन्य घटनाक्रम में कोतवाली क्षेत्र में किराए पर रहने वाले युवक ने अपने मोबाइल से नाबालिग का अश्लील वीडियो फेसबुक पर प्रसारित कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस को एनसीआरबी के साइबर टीप लाइन से मिली।
पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश से जेल भेजा गया है। कोतवाली सीएसपी अक्षय प्रमोद सबद्रा ने बताया कि एनसीआरबी के साइबर टीप लाइन से क्षेत्र में रहने वाले युवक द्वारा इंटरनेट मीडिया पर अश्लील वीडियो प्रसारित करने की जानकारी मिली थी।
बताया गया कि मोबाइल से फेसबुक पर इंद्रजीत कांप्लेक्स से एक अश्लील वीडियो अपलोड किया गया है। यह वीडियो नाबालिग बच्चों से संबंधित है। इसके साथ ही एक मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया।
जांच करने पर पता चला कि मोबाइल कुंदन राजवाड़े निवासी बैकुंठपुर जिला कोरिया का निवासी है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपित युवक को बैकुंठपुर से गिरफ्तार किया।


