नशे में स्कूल पहुंचा हेडमास्टर, कक्षा में खुद पढ़ते रहे बच्चे, छत्तीसगढ़ का मामला

ग्रामीणों को देखते ही हेडमास्टर घबरा गए और आनन-फानन में कक्षा में पढ़ाने का प्रयास करने लगे, लेकिन नशे की हालत इतनी गंभीर थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं …और पढ़ें
HighLights
- रामानुजनगर के नर्मदापारा भुनेश्वरपुर प्राइमरी स्कूल का मामला।
- नशे की हालत इतनी गंभीर थी कि वे खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
- जांच टीम ने माना कि स्कूल टाइम पर प्रधान पाठक नशे में था।
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला, नर्मदापारा भुनेश्वरपुर के शासकीय स्कूल का प्रधान पाठक नशे की हालत में स्कूल पहुंच गया। स्थानीय ग्रामीणों को जब सूचना मिली कि स्कूल में शिक्षक नशे की हालत में हैं, तो वे तत्काल विद्यालय पहुंचे।
वहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कक्षा में बच्चे स्वयं पढ़ाई कर रहे थे, जबकि स्कूल के प्रधान पाठक निरंजन प्रसाद कुशवाहा अपने कक्ष में जमीन पर सोते हुए पाए गए।
ग्रामीणों को देखते ही हेडमास्टर घबरा गए और आनन-फानन में कक्षा में पढ़ाने का प्रयास करने लगे, लेकिन नशे की हालत इतनी गंभीर थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। घटना की जानकारी तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई। इसके बाद रामानुजनगर बीईओ डीएस. लकड़ा के नेतृत्व में एक जांच टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान हेडमास्टर ने स्वीकार किया कि वे कभी-कभी शराब का सेवन करते हैं। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों, छात्रों, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल के अन्य शिक्षकों के बयान दर्ज किए।
सभी ने बताया कि हेडमास्टर अक्सर नशे की हालत में विद्यालय आते रहे हैं। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले के अन्य हिस्सों में शिक्षकों की लापरवाही और अनुशासनहीनता के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे शिक्षा विभाग की लगातार किरकिरी हो रही है।
इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से ऐसे मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। फिलहाल जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले में क्या सख्त कदम उठाता है।
जांच में हेडमास्टर को नशे की हालत में पाया गया। ग्रामीणों के मुताबिक उनके अक्सर नशे में स्कूल आने की शिकायत मिली है। जांच प्रतिवेदन अग्रिम कार्रवाई के लिए डीईओ को भेज दिया गया है।
डीएस लकड़ा, बीईओ रामनुजनगर




