Maoist Encounter: सुकमा और बीजापुर की सीमा पर मुठभेड़ में मारा गया एक माओवादी, एक जवान भी शहीद

छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर जिले की सीमा पर तुमरेल क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक माओवादी मारा गया। सुकमा डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा की संयुक्त पुलिस पार्टी इलाके की सर्चिंग पर निकली थी, तभी जंगल में छिपे माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक माओवादी मारा गया और दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग जारी है।
By Prashant Pandey
Publish Date: Thu, 22 May 2025 11:57:55 AM (IST)
Updated Date: Thu, 22 May 2025 02:29:27 PM (IST)
HighLights
- छिपे हुए माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर की फायरिंग।
- सुरक्षाबल कर रहे तुमरेल में जंगल के अंदर सर्चिंग।
- और भी माओवादियों के शव बरामद हो सकते हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सुकमा (Sukma Encounter)। छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर जिले की सीमा पर तुमरेल क्षेत्र में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और माओवादी के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो अब भी जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया है। इसमें कोबरा 210 बटालियन के एक जवान भी शहीद हो गए हैं।
सुकमा डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा की संयुक्त पुलिस पार्टी इलाके की सर्चिंग पर निकली थी, तभी जंगल में छिपे माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक माओवादी मारा गया। उधर दोनों ओर से रूक-रूककर फायरिंग जारी है। माना जा रहा है कि इसमें और भी माओवादियों के शव बरामद हो सकते हैं।
मुठभेड़ में शहीद जवानों को अंतिम सलामी
नारायणपुर में बुधवार को हुई मुठभेड़ में शहीद हुए डीआरजी जवान खोटलूराम कोर्राम (नरायणपुर) और रमेश हेमला (बीजापुर) को आज नारायणपुर पुलिस लाइन में अंतिम सलामी दी जाएगी। सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हेलिकॉप्टर से लाए गए 27 माओवादियों के शव

बुधवार को सुरक्षाबलों ने माओवादियों के चीफ बसव राजू सहित 27 माओवादियों को मार गिराया था। आज सुबह इन सभी के शव हेलिकॉप्टर द्वारा नारायणपुर लाया गया है। माओवादियों के खिलाफ यह सुरक्षाबलों को मिली सबसे बड़ी कामयाबी है।




