
जशपुर: जशपुर जिले से रात एक बड़ी दुखद घटना सामने आई है। दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली के पास आई-20 कार और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक की भीषण टक्कर में कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार जशपुर की ओर आ रही थी। पतराटोली के पास खड़े ट्रेलर से टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और भीतर बैठे सभी लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक चराईडाँड़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी शवों को कार से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुला भेजा जा रहा है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।
दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों से संपर्क कर पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



