अपराध

जशपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग की हत्या, बोलेरो से कुचलकर सड़क हादसा दिखाने की कोशिश; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

15 अगस्त विज्ञापन

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू-टोने के शक में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। बगीचा थाना क्षेत्र की इस घटना में 68 वर्षीय जोयो राम की जान गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक यादव (21) को शक था कि जोयो राम की पत्नी तंत्र-मंत्र करती है, जिसके कारण उसके परिवार के कई सदस्य बीमार हो गए थे। इसी शक के चलते दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में आरोपी दीपक ने अपने पिता और चाचा के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग की। 29 सितंबर को जब जोयो राम खेत जा रहे थे, तभी उनके ऊपर बोलेरो चढ़ा दी गई। सिर पर गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को जोयो राम की मौत की सूचना मिलने पर बगीचा थाने में मर्ग कायम किया गया था। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पंचनामा में सिर, माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में सिर में लगी चोट और ज्यादा खून बहने को मौत की वजह बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और दूसरे लोगों के बयान लिए। जांच में सामने आया कि जोयो राम की मौत किसी सामान्य सड़क हादसे में नहीं हुई थी, बल्कि उन्हें जानबूझकर बोलेरो से टक्कर मारी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के रूप में शुरू की।

जांच में पता चला कि दीपक यादव, उसके पिता कुरसों यादव (44) और चाचा परमेश्वर राम (39) मृतक जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने और टोनही होने का आरोप लगाते थे। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले दो-तीन साल से विवाद और रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार, गांव के एक बैगा ने भी जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था। परिवार के लोगों की तबीयत खराब होने के लिए भी उसे जिम्मेदार बताया गया था। पुलिस का कहना है कि इसी अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के चलते जोयो राम की हत्या की योजना बनाई गई।

पुलिस ने दीपक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आरोपी पक्ष पहले भी जोयो राम की पत्नी को जादू-टोना करने के आरोप में समझाने की कोशिश कर चुका था। 29 सितंबर की दोपहर दीपक, उसके पिता और चाचा ने जोयो राम की हत्या की प्लानिंग की। उन्हें पता था कि जोयो राम मक्के के खेत की तरफ जाते हैं। इसी जगह उन्हें गाड़ी से कुचलकर हत्या करने और घटना को सड़क हादसा दिखाने की योजना बनाई गई।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की शाम करीब 4 बजे दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो (CG 14 MC 5946) लेकर डाहीडांड़ की तरफ गया। उस समय जोयो राम मेन रोड से करीब 5 से 10 मीटर दूर अपने मक्का के खेत के सामने खड़े थे। आरोप है कि दीपक ने पहले बोलेरो को आगे ले जाकर वापस मोड़ा और फिर तेज रफ्तार से जोयो राम को जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दीपक बोलेरो लेकर बगीचा की ओर फरार हो गया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे।

पुलिस ने पूछताछ के बाद घटना में इस्तेमाल बोलेरो को जब्त कर लिया है। आरोपी ने वाहन पुलिस के सामने पेश किया, जिसके बाद गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई की गई। इस मामले में बगीचा थाने में BNS की धारा 103(1), 61(2) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5 और 6 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दीपक यादव के खिलाफ सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के पिता, चाचा और एक बैगा समेत अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है। सभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

जशपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में अंधविश्वास के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अंधविश्वास या ओझा-बैगा के बहकावे में न आएं और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून की मदद लें।

15 अगस्त विज्ञापन
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 8

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!