हाईटेक हुआ भिलाई रेलवे स्टेशन, लोकार्पण आज: व्यवस्थित पार्किंग एरिया से लेकर वेटिंग हॉल तक, यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं – durg-bhilai News

आधुनिक भिलाई रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के पांच रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण कार्य पूरा हो चुका है। इसमें भिलाई रेलवे स्टेशन भी शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आज 11 बजे नए स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।
.
उद्घाटन के लिए भिलाई रेलवे स्टेशन बनकर पूरी तरह से तैयार है। उसका नया स्वरूप अब पूरी तरह से एयरपोर्ट की तरह लगने लगा है। यहां के यात्रियों से जब इसको लेकर बात की गई तो उन्होंने बताया स्टेशन का ना सिर्फ स्वरूप बदला है, बल्कि वहां की सुविधाएं भी पूरी तरह से बदल गई हैं।
भिलाई रेलवे स्टेशन का बदला हुआ स्वरूप
पहले यहां पार्किंग की कोई सुविधा नहीं थी, लेकिन अब व्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र विकसित किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए मॉडर्न टॉयलेट भी बनाए गए हैं। भिलाई 3 रेलवे स्टेशन पहुंचे यात्री मोहम्मद नजरुल से बात की गई तो उन्होंने कहा पुरानी भिलाई रेलवे स्टेशन का पूरा कायाकल्प हो चुका है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए गए नवीनीकरण से स्टेशन की स्थिति और सुविधाएं काफी बेहतर हो गई हैं।

रेलवे प्लेटफार्म में लगाए गए अलग-अलग मॉडल
दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें रैंप, व्हीलचेयर की व्यवस्था और अलग वेटिंग हॉल शामिल हैं। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) बनाए गए हैं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है। यह कायाकल्प न केवल यात्रियों को सुविधा देगा, बल्कि रेलवे की आधुनिक छवि को भी मजबूती प्रदान करेगा।
जल्द पूरा होगा दुर्ग, पावर हाउस और भिलाई नगर स्टेशन का कार्य
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दुर्ग जिले में पावर हाउस, भिलाई नगर और दुर्ग रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प हो रहा है। इनका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही इनका निर्माण पूरा होने के बाद इनका भी उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किया जाएगा।




