जशपुर पुलिस ने ‘एकता दौड़’ से दिया राष्ट्रीय सद्भाव का संदेश

जशपुर पुलिस ने 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर ‘एकता दौड़’ का आयोजन किया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया। कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास ने रणजीता स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।

यह एकता दौड़ रणजीता स्टेडियम से प्रारंभ होकर महाराजा चौक होते हुए रक्षित केंद्र जशपुर के परेड ग्राउंड में संपन्न हुई। इस दौड़ में जिला पुलिस बल और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ नव संकल्प तथा क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। प्रतिभागियों ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाते हुए देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान रहा है। उनके इसी ऐतिहासिक योगदान एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करने के लिए प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को उनके जन्मदिवस पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।

पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने आगे कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और विविधता में समाहित एकजुटता है। उन्होंने जोर दिया कि हम सभी भारतीय एक हैं और हमारी यही सामूहिक शक्ति देश को मजबूत एवं सुदृढ़ बनाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सभी से आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास एवं सहयोग की भावना रखते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध एवं संकल्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार ने एकता दौड़ में उत्साहपूर्वक शामिल होने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज में एकता, अनुशासन, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी से जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के साथ मिलकर रहने तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे से देश की एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

राकेश कुमार पाटनवार ने सभी से देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र की प्रगति एवं समृद्धि में अपना योगदान देने का आह्वान किया। डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने एकता दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की तथा आयोजन में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन के माध्यम से जशपुर पुलिस ने यह संदेश दिया कि देश की एकता, अखंडता, शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है और एकजुट होकर ही एक सशक्त, समृद्ध एवं श्रेष्ठ भारत का निर्माण संभव है।







