Ghaziabad AC Blast: इंदिरापुरम के एक फ्लैट में एसी ब्लास्ट, आग की लपटें, धू-धूकर जला; मच गया हड़कंप

अहिंसाखंड स्थित क्लाउड 9 सोसायटी स्थित फ्लैट में आज शाम अचानक आग लग गई। हादसा एसी फटने की वजह से हुआ। सूचना पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंची लेकिन जानकारी के अनुसार दमकल के पहुंचने से पहले ही सोसायटी के लोगों ने आग पर काबू पा लिया।
हांलाकि इस दौरान फ्लैट में मौजूद दो बुजुर्ग, एक बच्चे और महिला को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला। हादसा क्लाउड 9 सोसायटी के डी टावर के सबसे ऊपरी फ्लैट में हुआ। आग की लपटें और धुआं बालकनी से बाहर निकलने पर लोगों को पता चला।
तुरंत सोसायटी आरडब्ल्यूए और स्थानीय लोगों ने फायर सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि फ्लैट में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में एसी फटने की बात सामने आई है।




