ईद-उल-फितर की तैयारी…मस्जिदों-ईदगाहों के आसपास सफाई: इन इलाकों में पानी और रोशनी के विशेष इंतजाम करने निगम आयुक्त ने दिए निर्देश – Raipur News

ईद-उल-फितर के मौके पर रायपुर नगर निगम ने शहर में विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम आयुक्त विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों को मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई, पानी और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कहा है। आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई अभियान चलाया जाए। कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव किया जाए और जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही स्ट्रीट लाइट भी पूरी तरह चालू रखी जाएं। शहर के ईदगाहभाठा, मौदहापारा, छोटापारा, मोमिनपारा, तात्यापारा, पंडरी और इरानीडेरा सहित अन्य मस्जिदों के आसपास विशेष इंतजाम किए गए हैं। मुस्लिम बहुल वार्डों में भी सफाई, पानी और रोशनी की व्यवस्था पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। सीरत मैदान और शास्त्री बाजार क्षेत्र में भी अतिरिक्त साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, पानी के टैंकर और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। आज है ईद-उल-फितर ईद-उल-फितर इस्लाम धर्म का प्रमुख त्योहार है, जो रमजान के महीने के खत्म होने पर मनाया जाता है। पूरे महीने रोजा रखने के बाद इस दिन लोग सुबह ईद की नमाज अदा करते हैं और एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद देते हैं। इस दिन जकात और फितरा देने की परंपरा भी निभाई जाती है, ताकि जरूरतमंद लोग भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें। ईद को भाईचारे, खुशी और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक माना जाता है।
Source link




