दो पक्षों में पथराव, घरों-दुकानों में तोड़फोड़:बिलासपुर में भीड़ पर लाठीचार्ज, TI का सिर फटा, CCTV-ड्रोन फुटेज से उपद्रवियों की पहचान

बिलासपुर में शुक्रवार रात दो पक्षों के विवाद के बाद जमकर बवाल हो गया। कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी की बात फैलने पर सैकड़ों लोग जुट गए। इसके बाद पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। कई गाड़ियों, घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। भीड़ को काबू करने पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस छोड़ी। पथराव में तारबाहर टीआई रवि तिवारी का सिर फट गया। एक आरक्षक समेत कई लोग घायल हुए। स्थिति संभालने कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह हेलमेट पहनकर मौके पर पहुंचे। जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सीएएफ से अतिरिक्त बल बुलाया गया। तड़के 4 बजे तक थाने और आसपास भीड़ जुटी रही। अब पुलिस उपद्रवियों की पहचान में जुटी है। CCTV और ड्रोन फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दोनों पक्षों के नामजद लोगों समेत अन्य आरोपियों पर बलवा, धारा 307 और 191 में FIR दर्ज की गई है। सिटी कोतवाली क्षेत्र में धारा 144 लागू है। कलेक्टर और एसएसपी ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया। देखिए पहले तस्वीरें… जानिए क्या है पूरा मामला ? सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी कमेंट को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद हिंदूवादी संगठन के लोग सिटी कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज पहुंचे। यहां दोनों पक्षों में मारपीट हुई। देखते ही देखते दूसरा पक्ष भी आक्रामक हो गया और विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत और युवकों की भीड़ जुटने की सूचना सिटी कोतवाली टीआई, सीएसपी गनन कुमार और एडिशनल एसपी पंकज पटेल को दी गई थी। इसके बावजूद मौके पर सिर्फ पेट्रोलिंग टीम भेजी गई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि समय रहते वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचते तो स्थिति को संभाला जा सकता था। पुलिस की देरी के कारण भीड़ बढ़ती गई और बाद में मामला उग्र हो गया। CSP से धक्का-मुक्की, TI समेत कई घायल तनाव बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की भीड़ आमने-सामने आ गई, जिसके बाद पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस अफसर और जवानों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बेकाबू भीड़ उग्र हो गई। भीड़ ने सिविल ड्रेस में पहुंचे सीएसपी गगन कुमार के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। वहीं, पथराव में तारबाहर टीआई रवि तिवारी का सिर फट गया। जबकि, आरक्षक समेत कई लोग घायल हो गए। आंसू गैस के गोले नहीं छूटे तो हाथ से फेंका इस दौरान दोनों पक्षों की भीड़ के बीच पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की। सिटी कोतवाली चौक के पास पुलिस ने पहले बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन दूसरी ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। फायरिंग की सुविधा नहीं होने के कारण सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या ने गोले हाथ से फेंके। एक के बाद एक 5 से 6 गोले छोड़े गए, लेकिन इसके बाद भी भीड़ नहीं हटी। थाने में घुसकर भीड़ ने मचाया बवाल इस दौरान तनाव इतना बढ़ गया कि भीड़ सिटी कोतवाली थाने में घुस गई। थाने के भीतर आक्रामक भीड़ गाली-गलौज कर हंगामा मचाती रही। उनका कहना था कि पथराव करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए। वहीं, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह अंदर लोगों को समझाइश देते रहे। जांजगीर-चांपा, मुंगेली से बुलाया गया एक्स्ट्रा बल लगातार बढ़ रही लोगों की भीड़ और बढ़ते तनाव को नियंत्रित करने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस लाइन के साथ ही जिलेभर के थानेदार और इंस्पेक्टर के साथ ही जवानों को मौके पर बुला लिया। इसके साथ ही जांजगीर-चांपा, मुंगेली के साथ ही सीएएफ के जवानों को बुलाया गया। रात करीब 2.30 बजे तक भीड़ मौके पर जुटी रही और नारेबाजी कर हंगामा मचाते रहे। लाठी लेकर सड़क पर उतरे SSP घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह थाना परिसर से भीड़ को खदेड़ने के लिए सड़क पर उतर आए। आसपास की बिजली बंद कर लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद हेलमेट पहनकर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह पैदल मार्च पर निकल पड़े। उनकी मौजूदगी में भीड़ को तितर-बितर किया गया। करीब 3 बजे तक पुलिस की टीम पेट्रोलिंग कर भीड़ को भगाने में जुटी रही। छावनी बना सिटी कोतवाली चौक, पुलिस बल तैनात इस घटना के बाद मसानगंज और खपरगंज इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सिटी कोतवाली चौक के आसपास बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। सुबह 5 बजे तक पुलिस लगातार इलाके में गश्त करती रही और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करती रही। कलेक्टर-एसएसपी बोले-दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि व्यक्तिगत विवाद के बाद दो पक्षों में तनाव की स्थिति बनी। दोनों पक्षों से पथराव हुआ है। इसमें कुछ लोगों को चोटें आई हैं। 400 से अधिक पुलिस के जवान मौजूद हैं। पड़ोस के जिलों से भी बल बुला लिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। जो भी दोषी हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ………………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… बिलासपुर में सोशल मीडिया कमेंट पर बवाल,दो पक्षों में पथराव: पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस; टीआई समेत कई जवान घायल, कलेक्टर-SP समेत विधायक मौके पर बिलासपुर में सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी कमेंट को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले। हालात संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें टीआई समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पढ़ें पूरी खबर…




