होटल कारोबारी दीपक टंडन पर 28 लाख की धोखाधड़ी का नया केस, कोयला व्यापारी के पिता से ठगी; एक हफ्ते में 6 FIR

रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ एक और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। इस बार उन पर कोरबा में एक कोयला कारोबारी के पिता से 27 लाख 90 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। दीपका के कोयला व्यापारी अंकित सिंह ने 13 नवंबर 2026 को दीपका थाने में यह एफआईआर दर्ज कराई है। अंकित का आरोप है कि दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से यह रकम ली थी। पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दीपक टंडन के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर कुल 6 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
कोयला व्यापारी अंकित सिंह (32) के मुताबिक, दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से 27 लाख 90 हजार रुपए की धोखाधड़ी की थी। इस मामले में दीपका थाने में साल 2020 में अपराध क्रमांक 160/2020 के तहत पहले भी एक केस दर्ज हुआ था। अंकित का आरोप है कि बाद में दीपक टंडन ने उन्हें भरोसे में लेकर शपथ पत्र पर समझौता किया था। उसने कुछ दिनों में 5 लाख रुपए देने और बाकी रकम धीरे-धीरे लौटाने का वादा किया था। बार-बार पैसे मांगने पर आरोपी ने 20 मई 2023 को यस बैंक का 5 लाख रुपए का चेक दिया। हालांकि, 10-12 दिन बाद बैंक में पता करने पर जानकारी मिली कि चेक पहले से ही होल्ड कराया गया था।
शिकायत के अनुसार, चेक होल्ड होने की जानकारी मिलने के बाद भी आरोपी दीपक टंडन पैसे लौटाने में टालमटोल करता रहा। उसने कहा कि 10 जुलाई 2024 को कटघोरा कोर्ट में पेशी के दौरान वह रकम दे देगा। इसी दिन शाम करीब 4 बजे आरोपी ने अपने एक साथी के जरिए अंकित को बुधवारी चौक दीपका बुलाया। अंकित का आरोप है कि वहां पहुंचते ही दीपक टंडन ने बार-बार पैसे मांगने पर गुस्सा जताया और गालियां देने लगा। उसने अंकित को जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी भी दी। डर के कारण अंकित ने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की थी। उसने इस घटना की जानकारी अपने पिता और साथी गौतम गौते को दी थी। अंकित के मुताबिक, कुछ दिन पहले बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर 13 नवंबर 2026 को दीपका थाने में लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
दीपक टंडन के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर कुल 6 एफआईआर दर्ज हुई हैं, जिनमें धोखाधड़ी, धमकी, ब्लैकमेलिंग और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। इन मामलों में उनकी पत्नी बरखा टंडन भी कुछ आरोपों में सह-आरोपी हैं। इन 6 मामलों का विवरण इस प्रकार है:
पहला मामला वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम ) की लीज खत्म होने के बाद भी उस पर कब्जा नहीं छोड़ने का आरोप है। इसके साथ ही नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इस मामले में उनकी पत्नी बरखा टंडन भी आरोपी हैं। दूसरा मामला 16, 500 वर्गफीट जमीन और एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का सौदा कर करीब 36 लाख रुपए लेने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, यह जमीन दीपक और बरखा के नाम पर नहीं थी। इस मामले में भी पत्नी बरखा टंडन आरोपी हैं।
तीसरा मामला 2023 मॉडल फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने का सौदा कर 20 लाख रुपए लेने के बाद भी गाड़ी नहीं देने और रकम नहीं लौटाने का आरोप है। इस शिकायत पर एक अलग एफआईआर दर्ज हुई है। चौथा मामला मार्च 2022 में बड़े अधिकारियों से पहचान बताकर कोयले का सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा देकर 15 लाख रुपए लेने का आरोप है। गारंटी के लिए बंद बैंक खाते का चेक देने की बात भी सामने आई है।
पांचवां मामला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर उन्हें न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है। इसके साथ ही ब्लैकमेलिंग और भ्रामक सामग्री फैलाने के आरोप भी लगे हैं। इसी मामले में बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी चेक देकर पैसे लौटाने का भरोसा दिलाता है और बाद में धमकी देकर शिकायत करने से रोकने की कोशिश करता है। हालांकि, ये आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं और पुलिस की जांच तथा कार्रवाई के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
रायपुर का होटल कारोबारी दीपक अंबेडकर उर्फ टंडन सिर्फ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के मामलों को लेकर ही नहीं, बल्कि नेताओं और रसूखदार लोगों से कथित संबंधों के दावों को लेकर भी चर्चा में रहा है। इससे पहले वह दंतेवाड़ा की तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा पर लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपए और गहने लेने का आरोप लगाकर सुर्खियों में आया था। खुद दीपक टंडन की होटल में कपड़े उतरवाकर पिटाई का एक वीडियो भी वायरल हो चुका है।
फिलहाल दीपक टंडन फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस के मुताबिक, वह AI की मदद से लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक खबरें पोर्टल और सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। फिर खबर हटाने या मामला दबाने के नाम पर रुपए मांगता था।



