Chhattisgarh: देर रात सो रहे परिवार पर धारदार हथियार से हमला; एक की मौत, दो घायल

कोरबा के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम हर्राडीह में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस हमले में 65 वर्षीय समारिन बाई धनवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे 45 वर्षीय हेतराम और बहू 40 वर्षीय प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतका के एक परिजन को गिरफ्तार कर लिया है।
सोते हुए परिवार पर देर रात हमला
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे समारिन बाई अपने बेटे हेतराम और बहू प्रमिला के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति घर में घुसा और तीनों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में समारिन बाई के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हेतराम और प्रमिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, गांव में मचा हड़कंप
हमले की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तत्काल डायल-112 और पाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि घायल दंपती को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजन ही निकला आरोपी, पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतका के एक परिजन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल हत्या के पीछे की सटीक वजह सामने नहीं आई है, हालांकि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।
सड़क नहीं होने से खाट पर ले जाने पड़े शव और घायल
इस घटना ने गांव की बदहाल बुनियादी सुविधाओं की भी पोल खोल दी। हर्राडीह गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है। ऐसे में ग्रामीणों को शव और दोनों घायलों को खाट और लकड़ी के सहारे करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा। वहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में हर आपात स्थिति में मरीजों और घायलों को इसी तरह कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से गांव तक जल्द पक्की सड़क बनाने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण कई बार गंभीर मरीजों की जान खतरे में पड़ जाती है।
यह भी पढ़ें: सावन में भोरमदेव धाम पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, 500 से ज्यादा जवान तैनात; ड्रोन व CCTV से निगरानी
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पाली थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। दोषी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




