CG Weather News: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का रंग, बारिश और तेज हवाओं से गर्मी पर ब्रेक

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम का रुख बदला हुआ है। कई जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को तेज गर्मी से राहत दी है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जिसमें बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी देखने को मिलेंगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है, लेकिन आगे चलकर इसमें बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इस बदलाव के पीछे वातावरण में सक्रिय दो चक्रवाती सिस्टम हैं, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं।
आज के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। राजधानी रायपुर में भी आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश की बात करें तो कापू और पेंड्रा रोड में 2-2 सेमी वर्षा हुई, वहीं पसान, कुनकुरी, तमनार, कोरबा और खड़गांव में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।




