BSP स्क्रैप चोरी कांड में मुख्य आरोपित के लॉकर से मिले 50 लाख के गहने, 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज, पुलिस ने रिक्रिएट किया क्राइम सीन

नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपित संजय सिंह के बैंक लॉकर से पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और लगभग तीन करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
एक अन्य आरोपित अक्षय कुमार सिंह से भी संपत्ति संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के बाद यह जानकारी सामने आई। पुलिस ने आरोपितों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन भी रिक्रिएट कराया।
पूछताछ में सामने आई अन्य आरोपितों की भूमिका
BSP से लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपित संजय सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान संजय सिंह से मिली जानकारी के आधार पर आरोपित अमित शर्मा और आकाश कुमार सिंह की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने संगठित तरीके से BSP से चोरी किए गए लोहे को अवैध रूप से बेचने और उससे प्राप्त रकम को संपत्ति व आभूषणों में निवेश करने की जानकारी दी।
लॉकर से मिले गहने और संपत्ति के दस्तावेज
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित संजय सिंह के बैंक लॉकर की जांच में लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण मिले हैं। इसके अलावा करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। आरोपित अक्षय कुमार सिंह से भी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों द्वारा अर्जित चल और अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी अलग से की जाएगी।
घटनास्थल पर कराया गया क्राइम सीन रिक्रिएशन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों को खुर्सीपार गेट से SMS-3 तक मुख्य घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया।
इस दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए। साथ ही चोरी किए गए लोहे के परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहनों पर लगे फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त किए गए हैं। पुलिस इस मामले में अब तक 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपित संजय सिंह को पुलिस ने उत्तरप्रदेश के देवरिया से पकड़ा था।
26 मई को सामने आया था मामला
उल्लेखनीय है कि 26 मई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित एके ट्रेडर्स, प्लाट नंबर 18 ए/05, HIA हथखोज भिलाई में जांच की थी।
जांच के दौरान कई हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग लोड मिली थी। मौके पर बड़ी मात्रा में लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री का भंडारण पाया गया। इसके अलावा स्क्रैप की लोडिंग और परिवहन में इस्तेमाल वाहन और मशीनरी भी बरामद हुई।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में मनरेगा कर्मियों का बड़ा एलान, VB-G RAM G योजना से नाराज 12 हजार कर्मचारी करेंगे हड़ताल, रखी ये मांगें
फ्लू डस्ट की आड़ में हो रही थी चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में BSP से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई गई है।
परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल वाहनों और मशीनों समेत कुल करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति भी जब्त की गई थी। पुलिस अब मामले में आरोपितों की संपत्तियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।




