अपराध

बिलासपुर में नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या, पति-देवर-सास गिरफ्तार; हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव लटकाया

15 अगस्त विज्ञापन

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पहले पति, देवर और सास ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद पट्टे से उसका गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल वाले पैसे की मांग कर रहे थे। साथ ही दो बेटियां होने पर महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने मामले में पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सकर्रा की रहने वाली दुर्गा निर्मलकर (26) की शादी 2022 में सैदा के रहने वाले रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा की दो बेटियां हुईं। आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति और ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। पति आए दिन दुर्गा के साथ मारपीट करता था। साथ ही मायके से 1 लाख 65 हजार रुपए लाने का दबाव बनाता था।

26 सितंबर को मायकेवालों को सूचना मिली कि दुर्गा बेहोश हो गई है। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल वालों ने मायकेवालों को बताया कि दुर्गा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।

ग्राम सकर्रा के रहने वाले भाई विदेशी निर्मलकर ने बताया कि बहन दुर्गा निर्मलकर को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उससे 1 लाख 65 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। शादी के बाद दो बेटियां होने पर भी उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और मारपीट की जाती थी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मायके पक्ष और ससुराल वालों के बयान दर्ज किए। ससुराल पक्ष के लोग पहले पुलिस को गुमराह करते रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर उनके बयानों में विरोधाभास सामने आया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दहेज को लेकर दुर्गा को लगातार प्रताड़ित करते थे। 26 सितंबर को विवाद के दौरान उन्होंने उसके साथ मारपीट की और गले में पट्टा डालकर खींचा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया।

पड़ोसियों ने शव को फंदे पर लटका देखा तो फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) के खिलाफ BNS की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

15 अगस्त विज्ञापन
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 8

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!