अपराध

बिलासपुर में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: म्यूल बैंक खातों में 25 दिन में 2.32 करोड़ का लेनदेन, 6 आरोपी गिरफ्तार

15 अगस्त विज्ञापन

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के सांवरिया इंटरप्राइजेस और अजय फार्म हाउस के खातों में सिर्फ 25 दिन में 2 करोड़ 32 लाख रुपए से ज्यादा का लेनदेन हुआ। जांच में इन खातों का कनेक्शन साइबर ठगी से सामने आया है। रेंज साइबर थाना पुलिस ने गुरुवार को फ्रॉड गैंग के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया।

आरोपी आम लोगों के बैंक खाते कमीशन और 2.8% हिस्सेदारी के लालच में साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले खाताधारकों को 20 से 25 हजार रुपए तक कमीशन दिया जाता था। पुलिस जांच में आरोपियों के बैंक खातों का कनेक्शन 12 से ज्यादा राज्यों में दर्ज 50 से अधिक साइबर अपराधों से मिला है। इन मामलों में करीब 4 करोड़ रुपए की ठगी की रकम का लेनदेन सामने आया है। जांच के बाद पुलिस ने ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के सिंडिकेट का खुलासा किया है।

छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की मंगला शाखा की मैनेजर आरती कुरील ने पुलिस को बताया कि महज एक महीने में दोनों संदिग्ध खातों में 2 करोड़ रुपए से ज्यादा का लेनदेन हुआ। बैंक ऑडिट में इन खातों से धोखाधड़ी की रकम ट्रांसफर करने और निकालने की जानकारी सामने आई। बैंक को आशंका है कि साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए इन खातों को किराए पर दिया गया था।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बैंक मैनेजर ने रेंज साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही एफआईआर के लिए जरूरी दस्तावेज और खातों से जुड़े अहम रिकॉर्ड पुलिस को सौंपे।

रेंज साइबर पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने खाता धारक अजय कुमार सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद आरोपी नरेन्द्र कुर्रे और रायपुर निवासी देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन के बारे में जानकारी मिली। दोनों बैंक खातों का नेटवर्क चला रहे थे।

आरोपी लोगों को 20 से 25 हजार रुपए कमीशन और हर ट्रांजेक्शन पर 2.8% हिस्सेदारी का लालच देकर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद नेट बैंकिंग और मोबाइल एप का एक्सेस साइबर ठगों को दे दिया जाता था। इन खातों में देशभर के पीड़ितों से ठगी की रकम ट्रांसफर की जाती थी। रकम आने के बाद उसे तुरंत निकाल लिया जाता था।

आरोपी अभिलाष डेनियल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड गो-तस्करी से जुड़ा है। जबकि देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन सॉफ्टवेयर का काम करता है। वहीं, नरेंद्र कुर्रे संविदा कर्मचारी है। हालांकि, वह किस विभाग में काम करता है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

इससे जुड़ी एक अन्य खबर के अनुसार, बिलासपुर में दो अकाउंट से 2.32 करोड़ का लेनदेन हुआ। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक ने सांवरिया इंटरप्राइजेस और अजय फार्म हाउस के खातों में कुल 2 करोड़ 32 लाख रुपए से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा किया है। बैंक की शिकायत पर रेंज साइबर थाने में दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

15 अगस्त विज्ञापन
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 8

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!