बांग्लादेशी घुसपैठियों की तलाश तेज, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पुलिस का सत्यापन अभियान, निर्माण स्थलों पर जांच

बीजापुर जिले में पखवाड़े भर पहले बांग्लादेशी नागरिक कमाल शेख के पकड़े जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
HighLights
- बांग्लादेशी नागरिक पकड़े जाने के बाद छत्तीसगढ़ के कई जिलों में सत्यापन अभियान तेज
- राजनांदगांव समेत कई जिलों में मजदूरों और संदिग्धों की पहचान के लिए विशेष जांच
- ठेकेदारों से कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड मांगा गया, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। बीजापुर जिले में पखवाड़े भर पहले बांग्लादेशी नागरिक कमाल शेख के पकड़े जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई तेज होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि बड़ी संख्या में अवैध बांग्लादेशी नागरिक छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में शरण ले सकते हैं। इस इनपुट के बाद पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, बस्तर सहित कई जिलों में संदिग्धों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है।
निर्माण स्थलों पर चल रहा सत्यापन अभियान
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि पश्चिम बंगाल में कार्रवाई के डर से कई संदिग्ध भूमिगत हो गए हैं। इनमें से कई लोग छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र में निर्माण स्थलों पर मजदूर बनकर रह रहे हैं। इसी को देखते हुए जिले में कार्यरत निर्माण कंपनियों और ठेकेदारों से कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।




