बालोद में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो बच्चों की मौत, पिता गंभीर घायल


बालोद जिले के डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर परसुली के पास रविवार (20 सितम्बर) रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता और दो बच्चों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में 3 वर्षीय बच्चे और उसके 12 वर्षीय चचेरे भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाइक चला रहे बच्चों के पिता पवन सोनकर गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों घर के पास गणेश देखने के लिए बाइक से निकले थे।
ग्रामीणों के अनुसार, परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय भतीजे के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 के चालक ने वाहन को रॉन्ग साइड में ले जाकर बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण घायलों की मदद के लिए पहुंच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को राजनांदगांव रेफर कर दिया गया।
राजनांदगांव में उपचार के दौरान पवन सोनकर के बेटे और उनके भतीजे की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दो बच्चों की मौत की खबर के बाद परसुली गांव में मातम पसरा हुआ है।
हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लिया।
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।



