अनियंत्रित कार घर में घुसी, बड़ा हादसा टला: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के परासी गांव में हुई घटना, कोई जनहानि नहीं – Gaurela News

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के परासी गांव में आज एक अनियंत्रित कार एक मकान में घुस गई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक दुकान से अपनी गाड़ी के पहियों में हवा डलवाकर लौट रहा था। गाड़ी की रफ्तार अधिक नहीं थी, फिर भी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे स्थित एक घर के ओटले में जा घुसी। हादसे के समय घर के पास कुछ लोग बैठे थे। उन्होंने कार को अपनी ओर आता देख समय रहते खुद को हटा लिया और सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से घर में फंसी कार को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस टक्कर से घर के बाहरी हिस्से को मामूली क्षति पहुंची है। किसी के घायल न होने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत महसूस की। फिलहाल, वाहन चालक और घर के मालिक के बीच आपसी बातचीत जारी है।
Source link




