Ambikapur: बालू लदे टिपर ने इको कार को मारी टक्कर, ससुर-दामाद गंभीर रूप से घायल

सरगुजा जिला के लखनपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर नहर रोड पर रविवार सुबह घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार बालू लदे टिपर (ट्रक) ने इको कार (सीजी 11 एएक्स 3603) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार बेलदगी निवासी पारस (22) के सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके ससुर भीखनाथ (45) ग्राम बंधा का पैर फ्रैक्चर हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं टिपर सड़क से उतरकर खेत में जा घुसा।
सूचना पर 112 की टीम लगभग आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। परिजन घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद टिपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे रेत परिवहन से जुड़े टिपर लगातार हादसों को दावत दे रहे हैं। रेड नदी क्षेत्र से अवैध उत्खनन व परिवहन पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष है।




