धर्मांतरण को लेकर फिर सियासत, आमने-सामने भाजपा- कांग्रेस, एक-दूसरे पर कसा तंज

कांग्रेस नेता शिव डहरिया ने अरुण साव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, दिलीप सिंह जूदेव का भाजपा ने जीते जी सम्मान नहीं किया। किसी नेता का भाजपा ने इतना अपमान नहीं किया, जितना जूदेव का किया है। ये एक ही जाति के पीछे क्यों पड़े हैं। भाजपा जानबूझकर धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करती है, जिससे प्रदेश में हमेशा अशांति का माहौल बना रहता है। कानून व्यवस्था की स्थिति भी इसलिए खराब है। उप मुख्यमंत्री साव के हरेली त्योहार को लेकर दिए बयान पर डहरिया ने कहा, कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की परंपरा और तीज त्योहारों को बढ़ावा देने का काम किया। हरेली किसानों और प्रदेश का पहला त्योहार है। अरुण साव पैदा नहीं हुए थे, तब से ये परंपरा चल रही है। इन परंपराओं को हम आगे बढ़ाना चाहते थे, इसलिए हर साल हमारी सरकार में इस त्योहार को धूमधाम से मनाया गया। भाजपा जानबूझकर इस तरह के बयान देती है।




