CG: किचन में करता था डबल मीनिंग बातें…सीएचएमओ की ये आदतें आया को करती थीं परेशान, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

सुकमा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किस्टाराम में पदस्थ एक वार्ड आया के साथ सीएमएचओ द्वारा अश्लील बातें और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर पीड़िता ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। पत्र के वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया, जिसके बाद कलेक्टर ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
सुकमा के सीएमएचओ आरके सिंह पर स्वास्थ्य विभाग की ही एक महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इसकी लिखित शिकायत कलेक्टर सुकमा को दी। कलेक्टर देवेश ध्रुव ने तत्काल जांच टीम गठित कर महिला का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किस्टाराम में पदस्थ थी, लेकिन 21 अगस्त को अचानक उसका तबादला सीएमएचओ कार्यालय कर दिया गया। इसके बाद उसे कार्यालय के बजाय सीएमएचओ के घर पर भोजन बनाने की ड्यूटी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि खाना बनाते समय सीएमएचओ उसे अकेला पाकर पकड़ते, गले लगाते और डबल मीनिंग बातें करते थे। विरोध करने पर भी वे अपने पद का दबाव बनाते रहे।




