3 करोड़ से होंगे 13 काम बीटी सड़कें व पाथवे बनेंगे
भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर नगरीय प्रशासन व विकास विभाग ने बैकुंठपुर में 13 अलग-अलग विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ 64 हजार की मंजूरी दी है। नपा के प्रस्ताव पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुहर लगा दी है। इसमें शहर में डामरीकृत (बीटी) सड़कें, पाथवे, घाट, सामुदायिक भवन और पार्कों का निर्माण व जीर्णोद्धार होगा। सड़क निर्माण व मरम्मत पर 1.54 करोड़: इंदिरा पार्क से जनपद तिराहा, महलपारा से बिजली ऑफिस व जूनापारा रोड की मरम्मत पर 89.91 लाख खर्च होंगे। वार्ड 7 अग्रवाल सिटी और महलपारा मेन रोड के पास 64.11 लाख से नई बीटी सड़कें बनेंगी। पाथवे निर्माण पर 50.45 लाख: एनएच-43 पर एसईसीएल ऑफिस से मुक्तिधाम तक 13.66 लाख और प्रमिला होंडा से नगर पालिका परिसर तक 36.39 लाख से सड़क के दोनों ओर पाथवे बनेगा। पार्क व घाट पर 48.67 लाख: वार्ड 14 सिविल लाइन मानस भवन के पास 20.01 लाख से नया पार्क बनेगा। इंदिरा पार्क के संधारण के लिए 18.37 लाख और प्रेमाबाग के पीछे गेज नदी में घाट निर्माण के लिए 10.29 लाख मंजूर हैं। अन्य बुनियादी कार्य: जूनापारा में सामुदायिक भवन पर 13.34 लाख, जयस्तंभ चौक परिसर का विकास व संधारण 15.46 लाख और नए बस स्टैंड के पास 18.70 लाख से इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएगी।




