वनकर्मियों को 60 ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा: बालोद में डिप्टी रेंजर समेत 4 घायल,5 महिलाएं भी जख्मी, वन-भूमि को अपना बता रहे – Chhattisgarh News

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी वन परिक्षेत्र के पेंवारी गांव में वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। यह हमला उस समय हुआ जब टीम कक्ष क्रमांक-156 में बन रहे पर्रकुलेशन टैंक का निरीक्षण करने पहुंची थी।
.
इस दौरान लाठी-डंडों से लैस 50 से 60 ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस हमले में डिप्टी रेंजर, एक वनपाल और दो फॉरेस्ट गार्ड घायल हो गए। वहीं, 5 ग्रामीण महिलाओं को भी चोटें आई है। जिनका इलाज डौंडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
हमले में डिप्टी रेंजर, एक वनपाल और दो फॉरेस्ट गार्ड घायल हो गए।
वन विभाग की टीम को जान बचाकर भागना पड़ा
वनकर्मियों ने डौंडी थाने पहुंचकर बताया कि, वे पर्रकुलेशन टैंक निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। तभी मौके पर पहले से मौजूद ग्रामीणों ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से सभी को जान बचाकर भागना पड़ा।
डौण्डी वन परिक्षेत्र के रेंजर जीवन भोंडेकर ने बताया कि, पेंवारी गांव में 72 एकड़ जमीन का वन पत्र दिया गया। जिसकी लालच में आकर ग्रामीण और कब्ज़ाधारी अपना अधिकार बताना चाहते हैं। मई महीने में मीटिंग कर अतिक्रमण हटाया गया था।
वनकर्मी और ग्रामीण महिलाएं FIR लिखवाने पहुंची डौंडी
वन विभाग की ओर से डौंडी थाने में हमलावर ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। रेंज अफसर जीवन भोंडेकर ने बताया कि, हमला एकतरफा था। इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई जा रही है। वहीं 50 की संख्या में पेंवारी गांव की महिलाएं भी डौंडी थाने पहुंची। लेकिन कुछ देर बाद सभी वापस लौट गई।

ग्रामीणों के मारपीट से वनकर्मी के शरीर चोट के निशान दिख रहे हैं।
कुंड बनाने से नाराज थे ग्रामीण, 6 लोगों पर केस दर्ज
डौंडी टीआई उमा ठाकुर ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि जल संरक्षण के लिए बनाए जा रहे पर्रकुलेशन टैंक (कुंड) की जगह को लेकर विवाद है। ग्रामीण वन विभाग की भूमि को अपनी जमीन बताते रहे थे। जिससे विवाद हुआ।
वन विभाग के 4 लोग घायल हुए हैं। उनके रिपोर्ट पर मारपीट करने वाले 6 नामजद और अन्य शामिल ग्रामीण के खिलाफ सरकार काम में बाधा और मारपीट की धारा के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
………………………………..
इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए…
भिलाई में मेडिकल स्टाफ की पिटाई…VIDEO: बोला- मैं वकील और विधायक का पड़ोसी हूं, कुछ नहीं बिगाड़ सकते; दवा देने में देरी पर हंगामा

धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर के स्टाफ की एक युवक ने पिटाई कर दी।
भिलाई में धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर के स्टाफ की एक युवक ने पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि, उसकी पत्नी को दवा देने में देरी हो रही थी। इसी बात पर उसने स्टाफ से मारपीट की और पेटीएम मशीन भी तोड़ दी।
मेडिकल स्टाफ ने बताया कि, युवक खुद को वकील बता रहा था साथ ही विधायक रिकेश सेन का पड़ोसी होने की बात कही। कहा कि, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। गाली-गलौज और मारपीट की घटना CCTV में भी कैद हुई है। पढ़ें पूरी खबर…




