अपराध

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.02 करोड़ की साइबर ठगी, प्रॉपर्टी डीलर से अकेले 92 लाख ठगे

15 अगस्त विज्ञापन

शहर में साइबर ठग लोगों को लगातार झांसा दे रहे हैं और शेयर तथा स्टॉक ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर मोटी रकम ऐंठ रहे हैं। अब तक के तीन मामलों में ठगों ने करीब 1.02 करोड़ रुपए की ठगी कर ली है। इनमें सबसे बड़ा मामला शंकर नगर में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर विशाल बरड़िया (35) का है, जिनसे 92 लाख रुपए ठगे गए। उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने 11 लाख रुपए होल्ड कराए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कारोबारी विशाल से ठगों ने ऑनलाइन संपर्क कर शेयर ट्रेडिंग में कम समय में बड़ा मुनाफा होने का झांसा दिया। शुरुआत में उन्होंने जो रकम निवेश की, उस पर प्रॉफिट देकर रकम वापस भी की, जिससे विशाल को ठगों पर भरोसा हो गया। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग खातों में पैसे जमा कराए गए। विशाल ने 8 अगस्त से 9 सितंबर के बीच करीब 92 लाख रुपए ट्रांसफर किए। कई दिनों तक जब रकम और फायदा नहीं मिला, तब उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई।

दूसरे मामले में भाठागांव के वालफोर्ट हाइट्स निवासी रिटायर्ड निजी कंपनी कर्मचारी टी चंद्राकर से 9.65 लाख रुपए की ठगी हुई। एक ठग ने खुद को एचडीएफसी सिक्यूरिटी सेक्शन से जुड़ा बताकर उन्हें डीमैट अकाउंट खोलने के लिए लिंक भेजा। उनसे एक एप भी डाउनलोड कराया गया, जिसमें मुनाफा पीड़ित को दिखता रहा। 9 से 31 अगस्त के बीच ठग ने अलग-अलग खातों में 9.65 लाख रुपए जमा करा लिए। बाद में ठग ने नए आईपीओ के लिए 35 लाख रुपए और मांगे। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तब ठगी का पता चला।

तीसरे मामले में बीज निगम से सेवानिवृत्त राजकुमार शुक्ल (65) से एक लाख रुपए की ठगी हुई। ठग ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का सीनियर मैनेजर बताकर उन्हें फोन किया। रिटायर्ड कार्ड बनाने का झांसा देकर एचआरएमसी एप डाउनलोड कराया और खाते से एक लाख रुपए निकाल लिए। तीनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

इस तरह की साइबर ठगी से लोगों को बचाने और उन्हें सतर्क करने के लिए प्रदेश स्तर पर साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और साइबर एक्सपर्ट 15 अगस्त से लगातार स्कूल-कॉलेज, दफ्तर और पब्लिक प्लेस में जाकर सभी को जागरूक कर रहे हैं। इसमें सतर्कता के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है। इसके बाद भी लोग साइबर फ्रॉड में लगातार फंस रहे हैं।

साइबर एक्सपर्ट मुकेश चौधरी के अनुसार स्टॉक मार्केट में निवेश करने से पहले सभी बातों को बेहतर तरीके से समझना चाहिए। इसके लिए कई संस्थाओं की ओर से कोर्स भी चलाए जा रहे हैं, जिनसे स्टॉक मार्केट और उसमें निवेश करने की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही यह भी पता चलता है कि किस प्लेटफार्म से निवेश करना है।

उन्होंने बताया कि यदि कोई किसी वेबसाइट में जाकर निवेश करने को कह रहा है, तो पहले who.is में उस वेबसाइट की लिंक पेस्ट करके उसकी हिस्ट्री जाननी चाहिए। यदि वेबसाइट हाल ही में बनी है, तो वह भरोसे के लायक नहीं है। इसी तरह यदि कोई वाट्सएप लिंक से एप डाउनलोड कराता है, तो वह भूलकर भी नहीं करना चाहिए। एप हमेशा प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करें और यह भी देखें कि उसे कितनों ने डाउनलोड किया है तथा उसकी रेटिंग क्या है।

15 अगस्त विज्ञापन
विज्ञापन 1
विज्ञापन 2
विज्ञापन 3
विज्ञापन 4
विज्ञापन 5
विज्ञापन 6
विज्ञापन 7
विज्ञापन 8

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!