सारंगढ़ के कुलदीप पटेल को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित:15 अगस्त को मिलेट्स उत्पादन मॉडल के लिए मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम परसाडीह के प्रगतिशील किसान कुलदीप पटेल को स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। उन्हें श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती, वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेसिंग और ‘किसान से उपभोक्ता तक’ मॉडल को सफल बनाने के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान दिया जाएगा। कुलदीप पटेल को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित प्रतिष्ठित ‘एट होम’ स्वागत समारोह में शामिल होने के लिए विशेष निमंत्रण मिला है। इस समारोह में कृषि, विज्ञान, शिक्षा, उद्योग, नवाचार, सामाजिक सेवा, संस्कृति और रक्षा जैसे क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले चुनिंदा लोगों को बुलाया जाता है। ‘फसल बाजार’ से किसानों को मिला नया मंच कुलदीप पटेल ने साल 2018 में ‘फसल बाजार’ की शुरुआत की। इसके जरिए वे किसानों को सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें खेती से लेकर बाजार तक जोड़ने का काम कर रहे हैं। ‘गवई’ ब्रांड से मिलेट्स को दिलाई नई पहचान उन्होंने ‘गवई’ ब्रांड के तहत रागी, कोदो और कुटकी जैसे मिलेट्स उत्पादों को नई पहचान दी है। वे किसानों से सीधे मिलेट्स खरीदते हैं, उसका वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन कर बाजार तक पहुंचाते हैं। इससे किसानों को बेहतर कीमत मिल रही है और उनकी आय भी बढ़ रही है। जिले में बढ़ी मिलेट्स की खेती कुलदीप पटेल के प्रयासों से जिले में मिलेट्स की खेती को बढ़ावा मिला है। साथ ही किसानों में प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को लेकर भी जागरूकता बढ़ी है। कलेक्टर से की मुलाकात इस उपलब्धि पर कुलदीप पटेल ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से मुलाकात कर राष्ट्रपति भवन से मिला आमंत्रण पत्र दिखाया। कलेक्टर ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले और प्रदेश के किसानों की मेहनत, नवाचार और क्षमता का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। अधिकारियों और किसानों ने दी बधाई जिला प्रशासन, कृषि विभाग के उप संचालक आशुतोष श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधियों और जिले के किसानों ने कुलदीप पटेल को इस उपलब्धि पर बधाई दी। सभी ने इसे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात बताया।




