Raipur News: ग्वालियर से दबोचा गया रायपुर का कुख्यात सूदखोर वीरेंद्र तोमर, फरार आरोपी रोहित की तलाश जारी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर तोमर बंधुओं पर पुलिस का शिकंजा आखिरकार कस ही गया। फरार चल रहे भाइयों में से एक वीरेंद्र तोमर उर्फ रूबी तोमर को पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी बस्ती थाने और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम पिछले कई हफ्तों से दोनों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 2 जून से फरार चल रहे तोमर बंधु बार-बार अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा पर दोनों की लगातार मूवमेंट दर्ज की गई थी। इसी बीच रायपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्वालियर में दबिश दी, जहां से वीरेंद्र को हिरासत में ले लिया गया। अब उसे सड़क मार्ग से रायपुर लाया जा रहा है।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत
एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों भाइयों ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने हाल ही में उनकी याचिका खारिज कर दी थी। हालांकि, अदालत ने उनकी पत्नियों और भतीजे को अंतरिम राहत देते हुए अग्रिम जमानत मंजूर की थी।
रायपुर पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तोमर बंधु लंबे समय से अवैध सूदखोरी, रंगदारी और वसूली के मामलों में सक्रिय रहे हैं। उनके खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी, अवैध लेनदेन और हथियार रखने जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। कुछ महीने पहले पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में उनके ठिकानों पर छापा मारकर ब्लैंक चेकबुक, नकदी, हथियार और कारतूस बरामद किए गए थे। फिलहाल पुलिस ने वीरेंद्र तोमर की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है, जबकि उसका भाई रोहित तोमर अब भी फरार है। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।




