
गौरीशंकर गुप्ता/रायपुर। प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा पूरे प्रदेश में तत्काल प्रभाव से प्रारंभ हो गई है, जिससे आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध होगी।

इस पहल के तहत पहली बार प्रदेश में 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंस शुरू की गई हैं, जो नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी। ये एम्बुलेंस गंभीर स्थिति में नवजातों को सुरक्षित रूप से उच्च स्तरीय उपचार केंद्रों तक पहुंचाने में सक्षम होंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है और सरकारी अस्पतालों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के उन्नयन से अब लोगों को छोटे इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाए, ताकि हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंच सके। 108 सेवा का यह विस्तार नागरिकों के विश्वास को और मजबूत करेगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह पहल राज्य के लिए ऐतिहासिक है और इससे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य बन गया है जहां नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। एम्बुलेंस सेवाओं की निगरानी के लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम भी लागू किया गया है।
नियोनेटल एम्बुलेंस में इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सिरिंज पंप, नेब्युलाइज़र, सक्शन मशीन, ऑक्सीजन सपोर्ट और आपातकालीन दवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही प्रशिक्षित तकनीशियन, 24×7 EMT और ऑनलाइन विशेषज्ञ मार्गदर्शन की व्यवस्था भी की गई है, जिससे ये एम्बुलेंस “चलते-फिरते नवजात ICU” के रूप में कार्य करेंगी।
इसके अलावा BLS और ALS एम्बुलेंस में बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी, ग्लूकोमीटर, ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं, जिससे मौके पर ही प्राथमिक और उन्नत उपचार संभव होगा।
इस अवसर पर मोतीलाल साहू, इंद्र कुमार साहू, दीपक म्हस्के, अमित कटारिया, संजीव झा, रणबीर शर्मा, रितेश अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




