PM Modi News Live : पटना के रोड शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पुष्प वर्षा, भाजपा दफ्तर में बैठक करेंगे

05:54 PM, 29-May-2025
प्रधानमंत्री की एक झलक देखने को आतुर रहे लोग। पीएम ने अभिवादन स्वीकार किया।
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
आज जनसभा को संबोधित नहीं करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को रोहतास में जनसभा को संबोधित करेंगे। पटना में जनसभा की योजना नहीं है। प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट पर भी जनता या मीडिया से कोई बात नहीं की। वह उद्घाटन करते हुए रोड शो के लिए निकल गए। रोड शो के रास्ते में वह अपनी गाड़ी की अगली सीट पर बैठकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। कुछ देर में वह भाजपा कार्यालय पहुंच रहे हैं और यहां वह ऑपरेशन सिंदूर से लेकर योजनाओं तक के बारे में लोगों तक अपनी बात पहुंचाने को लेकर कार्य-योजना की जानकारी देंगे।
05:51 PM, 29-May-2025
भाजपा दफ्तर में कई मुद्दों पर बात करेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयकर गोलंबर के करीब पहुंच रहे हैं। यहां से उनका काफिला बेली रोड से वीरचंद पटेल पथ की ओर मुड़ जाएगा। यहां भाजपा दफ्तर में उनका स्वागत प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल करेंगे। पीएम मोदी यहां बिहार के दोनों भाजपाई उप मुख्यमंत्रियों के साथ पहुंच रहे हैं। भाजपा के ज्यादातर नेताओं को एयरपोर्ट पर जाने की मनाही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज के कार्यक्रम को विभिन्न स्तर पर मैनेज कर रहे बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन से लेकर राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा तक यहीं पहुंचे हुए हैं। गुरुवार को ऋतुराज सिन्हा से गृह मंत्री अमित शाह ने इस बारे में विस्तार से बात की थी।
05:47 PM, 29-May-2025
आगे की सीट पर बैठक पीएम मोदी कर रहे लोगों का अभिवादन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ देर में भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के उद्घाटन और बिहटा एयरपोर्ट का वर्चुअल शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री रोड शो करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचने वाले हैं। करीब 10 मिनट में वह पहुंच जाएंगे। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री की गाड़ी पांच-सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। प्रधानमंत्री आगे की सीट पर बैठे हुए लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। आज से कल तक प्रधानमंत्री करीब 50 हजार करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास-लोकार्पण कर रहे हैं।
05:34 PM, 29-May-2025

पटना में रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत करते लोग।
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष करेंगे पार्टी दफ्तर में स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला शाम ढलने के पहले पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचने वाला है। पटना एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन और बिहटा एयरपोर्ट के शिलान्यास के बाद पीएम मोदी रोड शो करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंच रहे हैं। पूरे रास्ते पर लोग तिरंगे के साथ उनका स्वागत करते नजर आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव की तरह रोड शो में उनके साथ सीएम नीतीश कुमार नहीं बैठे हैं। सीएम नीतीश कुमार एयरपोर्ट पर मौजूद थे। भाजपा कोटे के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा काफिले में साथ चल रहे हैं। भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल उनका स्वागत करेंगे।
05:30 PM, 29-May-2025
ऑपरेशन सिंदूर की गूंज, युवाओं के साथ महिलाएं दिख रहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट से करीब साढ़े पांच किलोमीटर के रोड शो में हर जगह ऑपरेशन सिंदूर की गूंज सुनाई दे रही। सड़कों पर महिलाएं भी उतरी हुई हैं। युवाओं की भारी भीड़ दिख रही है। प्रधानमंत्री के स्वागत में कहीं डमरू तो कहीं ढोल बजाते हुए लोग दिख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गाड़ी लगातार चल रही है। वह भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी के राज्यस्तरीय नेताओं से मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव पर बात करेंगे।
05:25 PM, 29-May-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंतजार में भाजपा कार्यालय के पास जुटी भीड़।
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
बेली रोड पर पहुंचा पीएम मोदी का काफिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की धरती से ही पिछली बार हिंदी के साथ अंग्रेजी में संदेश दिया था कि पहलगाम हमले का बदला आतंकियों के घर में घुसकर लेंगे। शुक्रवार को जब पटना के बेली रोड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला निकल रहा है तो लोग ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में नारे लगा रहे हैं और पूरे रास्ते प्रधानमंत्री के काफिले पर पुष्पवर्षा कर रहे हैं।
05:19 PM, 29-May-2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो शुरू हो चुका है। इस बार प्रधानमंत्री पूरे रास्ते ओपन रूफ वाली गाड़ी से नहीं निकले हैं। रेंज रोवर गाउ़ी में प्रधानमंत्री निकले हैं। पूरे रास्ते में फूलों की वर्षा हो रही है।
05:08 PM, 29-May-2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना पहुंच चुके हैं। वह पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन के साथ ही 1200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल भवन एक साथ तीन हजार यात्रियों (1500 आगमन और 1500 प्रस्थान) को सुविधा देने में सक्षम हो गया है। नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करते समय उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। इस नए टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 65,150 वर्ग मीटर है।
04:49 PM, 29-May-2025
ऑपरेशन सिंदूर के साथ तिरंगा यात्रा करेंगे पीएम मोदी
पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो तिरंगा यात्रा में कराया जा रहा है। इस रोड शो में प्रधानमंत्री जिधर से भी गुजरेंगे, वहां तिरंगा झंडा लगा दिया गया है। भाजपा ने इस पूरे कार्यक्रम को विपक्ष के तमाम विरोधों के बीच ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के श्रेय से जोड़ दिया है। हर तरफ प्रधानमंत्री और ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पहले साढ़े पांच बजे का बताया गया था, जिसे साढ़े चार बजे का कर दिया गया, हालांकि उनका इंतजार अब भी हो रहा है।
04:46 PM, 29-May-2025
जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारी से लोग परेशान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले जिला प्रशासन ने जांच-पड़ताल के बाद मीडिया को कार्ड जारी किया, लेकिन कार्यक्रम स्थल से कई किलोमीटर दूर ही गाड़ी रोक दी गई। जो मीडियाकर्मी किसी तरह एयरपोर्ट पहुंच भी गए, उनके लिए अंदर प्रवेश संभव नहीं दिखा। सड़कों पर पटना के यातायात पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी पास से नेताओं की गाड़ियां निकलती रहीं, लेकिन प्रेस से लेकर अस्पताल जा रहे लोगों की गाड़ियों को रोक दिया गया। इससे कई जगह पुलिस को लोगों का विरोध भी झेलना पड़ रहा है।




