पकड़ा गया बाइक चोर: कलेक्ट्रेट पार्किंग से शुरू की तलाशी, कई CCTV खंगाले…मुखबिर ने दिया सुराग; ऐसे दबोचा

कोतवाली थाना पुलिस ने सायबर सेल की मदद से एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब एक पीड़ित ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामला राजनांदगांव के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी ने 22 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी मोटरसाइकिल से कलेक्ट्रेट कार्यालय गया था, जहां से उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कोतवाली थाना पुलिस और सायबर सेल की टीम ने मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शहर के ईमाम चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर देखा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मोटी यादव उर्फ योगेश बताया। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की।
आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से एक वाहन चोर पकड़ा गया और चोरी की गई संपत्ति को बरामद किया जा सका। यह घटना शहर में सक्रिय वाहन चोरों पर नकेल कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




